फिरोजाबाद को दीपावली से पहले मिलेगी सौगात, CL जैन कॉलेज से SP सिटी ऑफिस तक बने नए पुल पर दौड़ेंगी गाड़ियां
फिरोजाबाद को दीपावली से पहले सीएल जैन डिग्री कॉलेज से एसपी सिटी कार्यालय तक नया फ्लाईओवर मिलेगा।

सुहाग नगर चैराहे के निकट निर्माणाधीन फ्लाई ओवर
HighLights
दीपावली से पहले फिरोजाबाद को मिलेगा नया फ्लाईओवर।
सीएल जैन कॉलेज से एसपी सिटी कार्यालय तक निर्माण।
सुभाष तिराहा पर जाम की समस्या होगी कम।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दीपावली से पहले शहर को एक और फ्लाईओवर मिल जाएगा। सीएल जैन डिग्री कॉलेज से एसपी सिटी कार्यालय तक बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
डामरीकरण के साथ ही रंगाई पुताई का काम भी शुरू हो गया है। इसके चालू होने के बाद सुभाष तिराहा पर लगने वाले जाम की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
फ्लाईओवर का निर्माण 72 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। कार्य अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था, इसे सितंबर 2026 में पूरा करने का लक्ष्य था। समय सीमा गुजर गई है, हालांकि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने 97 प्रतिशत कार्य पूरा होने का दावा किया है।
अवर अभियंता जीतेश कुमार का कहना है कि अक्टूबर के अंत तक इस पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद सर्विस रोड की मरम्मत का काम कराया जाएगा। निर्माण जल्द पूरा करने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है।
ये काम रह गया है शेष
जैन मंदिर के पास स्लैब पड़े चुके हैं। अब इन्हें आपस में जोड़ने के साथ ही तार से कसने का काम किया जाना है। इसके साथ ही इस हिस्से में दीवार बननी है।
हाईवे से पुल को जोड़ने का काम शेष है। वर्तमान में पुल पर डामरीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा दीवार की रंगाई पुताई का काम किया जा रहा है। दीवार के ऊपर प्लास्टिक सीट लगाने के साथ ही लाइटें लगाई जा रही हैं।
