जिद और नाराजगी ने ली जान, फिरोजाबाद में बुलेट की मांग पर पिता ने डांटा तो युवक ने कर लिया सुसाइड
फिरोजाबाद के टूंडला में बुलेट बाइक न मिलने पर पिता की डांट से नाराज 22 वर्षीय युवक हिमांशु ने घर के पास ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आठ दिन बाद उसका शव खंडहर मकान में फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बुलेट बाइक न मिलने पर युवक ने की आत्महत्या।
पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला था।
आठ दिन बाद खंडहर में मिला युवक का शव।
संवाद सूत्र, टूंडला। बुलट बाइक न मिलने से गुस्साए युवक ने घर के पास ही खंडहर मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आठ दिन बाद युवक का शव ग्रामीणों ने फंदे पर लटका देखा। इससे पहले स्वजन उसकी दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां तलाश कर रहे थे। पचोखरा के गांव सुजातनगर निवासी 22 वर्षीय हिमांशु उर्फ नेरा पिता भूरी सिंह ने बुलट बाइक दिलाने की मांग कर रहा था।
20 नवंबर की रात आठ बजे पिता से उसे डांट दिया। इस पर वह नाराज होकर घर से निकल गया। घर नहीं लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। शनिवार सुबह आठ बजे घर से सौ मीटर की दूरी पर स्थित राकेश के खंडहर मकान से दुर्गंध आने पर ग्रामीण अंदर पहुंचे तो हिमांशु का शव फंदे पर लटका मिला।
जानकारी होते ही रोते-बिलखते स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। शव सड़ने लगा था। पुलिस ने उसे उतारकर जांच की। पिता ने बताया कि बेटा कोल्ड स्टोरेज में काम करता था। हिमांशु चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। शव फंदे पर कपड़े के सहारे लटका था। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर की रात में ही बेटे ने आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार भाटी ने बताया कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्महत्या की है।