फिरोजाबाद में शराब तस्करों का शातिर प्लान फेल, गोपनीय चैंबर वाले कैंटर से 467 पेटी शराब जब्त
फिरोजाबाद पुलिस ने एक कैंटर से 45 लाख रुपये की 467 पेटी अवैध शराब जब्त की। तस्कर पंजाब से बिहार ले जाने के लिए कैंटर में गोपनीय चैंबर बनाकर प्लास्टिक पाइपों से शराब छिपाए हुए थे, लेकिन वाहन खराब होने पर पकड़े गए।

फिरोजाबाद में पुलिस द्वारा पकड़ा गया कैंटर, इसमें भरकर शराब पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। कैंटर में चैंबर बनाकर तस्कर उसमें पंजाब से 467 पेटी शराब छिपाकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कैंटर के पिछले हिस्से और चैंबर के ऊपर प्लास्टिक के पाइप लाद दिए। रास्ते में कैंटर खराब होने पर चालक ने उसे कठफोरी के पास हाईवे किनारे खड़ा कर मिस्त्री की तलाश में निकल गया।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रामगढ़ पुलिस को शुक्रवार रात कैंटर से शराब तस्करी की सूचना मिली। कैंटर की तलाश करते हुए पुलिस टीम शनिवार रात दो बजे सिरसागंज के कठफोरी तक पहुंच गई। यहां हाईवे किनारे खराब स्थिति में एक कैंटर खड़ा मिला।
पास में किसी को न पाकर पुलिसकर्मी उसकी निगरानी करने लगे कुछ देर बाद दो लोग पहुंचे। उन्हें पुलिस ने पकड़ लिए। उन्होंने अपने नाम आसिफ और समीर बताए। दोनों ने कहा कि वे मिस्त्री हैं और कैंटर को ठीक करने आए हैं। कैंटर चालक ने कैंटर के बंद होने की शिकायत की थी।
पुलिस ने कैंटर में लदे प्लास्टिक के पाइप हटाए तो आधे से अधिक हिस्से में चैंबर बना दिखा। उसके अंदर से पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्मित 467 पेटी राॅयल स्टैग, राॅयल ग्रीन एवं इंपीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की। सीओ के अनुसार बरामद की गई शराब की बाजार में कीमत 45 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर नंबर के कैंटर मालिक और मिस्त्री को फोन करने वाले युवक के खिलाफ मोबाइल नंबर के आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस रूट से शराब बिहार ले जाई जाती है। ट्रक नंबर और मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट के आधार पर तस्करों की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।