फिरोजाबाद: आंधी से आटा चक्की की दीवार गिरी, संचालक और छात्रा की मौत
फिरोजाबाद के जसराना में शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम के कारण हुए हादसे में दो लोगों की जान चली गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
जसराना में आंधी-बारिश से आटा चक्की की दीवार गिरी।
चक्की संचालक गिरीश कुमार और छात्रा तनिष्का की मौत।
हादसे में चार लोग घायल, निजी अस्पताल में भर्ती।
संवाद सहयोगी, जसराना (फिरोजाबाद)। शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने दो लोगों की जान ले ली। दोपहर साढ़े तीन बजे वर्षा के साथ आई आंधी में आटा चक्की की दीवार गिरने से चक्की संचालक और कक्षा दो की छात्रा की मृत्यु हो गई। छात्रा स्कूल से लौटते समय वर्षा और ओलावृष्टि से बचने के लिए खड़ी थी। उसकी तरह वहां खड़े चार अन्य घायल हो गए।
गांव चनारी में गिरीश कुमार ने घर के पास ही आटा चक्की लगा रखी है। दोपहर में आंधी और वर्षा होने के साथ ही ओले पड़ना शुरू हुए तो कई लोग चक्की के पास खड़े हो गए। स्कूल से घर लौट रही आठ वर्षीय तनिष्का भी वहां रुक गई। इसी बीच चक्की की दीवार गिर पड़ी। उसके मलबे में गिरीश कुमार और तनिष्का दब गए। जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं गांव के ही लोकेंद्र, राधा, महेश और धर्मेंद्र घायल हो गए। उनकी चीखपुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। चारों घायलों को मलबे से बाहर निकाल कर निजी अस्पतालों में पहुंचाया। सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडेय, तहसीलदार अनुराग दुबे और थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आंधी से चक्की का टिनशेड भी उड़ गया। घायलों की हालत ठीक है।
