फिरोजाबाद को धूल और गड्ढों से मिलेगी राहत, 15 करोड़ की लागत से बनेगी स्मार्ट रोड
फिरोजाबाद में ककरऊ कोठी से शनिदेव मंदिर तक 15 करोड़ की लागत से चौथा स्मार्ट रोड बन रहा है। यह ...और पढ़ें
-1791628980620_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
ककरऊ कोठी से शनिदेव मंदिर तक स्मार्ट रोड।
15 करोड़ की लागत से होगा निर्माण कार्य।
धूल और गड्ढों से मिलेगी शहरवासियों को राहत।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शहरवासियों को चौथे स्मार्ट रोड के रूप में ककरऊ कोठी से शनिदेव मंदिर तक एक और सुविधा मिलने जा रही है। वर्तमान में मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने, साइट पटरी कच्ची होने से धूल उड़ने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह कार्य पूरा होने से वाहन चालकों का सफर काफी आसान हो जाएगा।
राज्य स्मार्ट सिटी में सुभाष तिराहा से रेलवे स्टेशन तक पहला स्मार्ट रोड बनकर तैयार हो चुका है। नालबंद से रसूलपुर तक दूसरे स्मार्ट रोड का कार्य प्रगति पर है। इसकी समय सीमा पूरी होने के बाद भी कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका। ककरऊ कोठी से बंबा बाइपास होते हुए सैलई पुलिया तक तीसरा स्मार्ट रोड का कार्य चल रहा है। चौथे चरण में नगर निगम द्वारा ककरऊ कोठी से शनिदेव मंदिर तक स्मार्ट रोड विकसित किया जा रहा है।
इस कार्य पर 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एक माह पहले कार्य शुरू हो गया। आगरा की गरकरी सरफेस एंड कंस्ट्रक्शन संस्था द्वारा मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण करने के लिए दोनों ओर से अतिक्रमण हटवा कर साइट पटरी और भूमिगत नाले का निर्माण कराया जाएगा। बिजली की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। अनुबंध की शर्तें के अनुसार स्मार्ट रोड का कार्य नवंबर-2027 तक पूरा होगा।
ककरऊ कोठी से सिक्सलेन तक 24 घंटे वाहनों का आवागमन होता है। स्मार्ट रोड बनने से उद्यमियों, ट्रांसपोर्टर और कारोबारियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही हादसों में भी कमी आएगी। - अजय गुप्ता, ट्रांसपोर्टर
वर्तमान में मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होने, सड़क पर धूल उड़ने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। नगर निगम ठेकेदार द्वारा जेसीबी से साइड पटरी की खोदाई जा रही है, जिसमें सुरक्षा को भी ध्यान रखना चाहिए। - पवन कुमार, दुकानदार
जलेसर रोड से ककरऊ कोठी से सिक्सलेन कट तक काफी व्यस्त मार्ग है। इस पर सरकारी मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक आस्थान, दाऊदयाल स्टेडियम, जेल सहित कई प्रमुख संस्थान हैं। स्मार्ट रोड विकसित होने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही पूरे क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। - कामिनी राठौर, मेयर
