विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि आवंटित, 25 ई-बसों के संचालन की योजना

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:27 AM (IST)

फिरोजाबाद के सोफीपुर में ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन के लिए 1.215 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जिससे शहर में 25 ई-बसों का संचालन संभव होगा।

सोफीपुर में ई-बस डिपो चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रशांत नागर (दाएं से दूसरे), साथ में सहायग नगर आयुक्त आरपी सिंह (दाएं) : निगम द्वारा

सोफीपुर में ई-बस डिपो चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रशांत नागर (दाएं से दूसरे), साथ में सहायग नगर आयुक्त आरपी सिंह (दाएं) : निगम द्वारा


HighLights

  1. सोफीपुर में ई-बस डिपो, चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि आवंटित।

  2. प्रथम चरण में 25 ई-बसों का संचालन, शहरवासियों को राहत।

  3. कूड़ा निस्तारण में लापरवाही पर आगरा की फर्म का अनुबंध रद्द।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। नगर निगम प्रशासन द्वारा सोफीपुर में ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार कराया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता पर डीएम ने सोफीपुर में 1.215 हेक्टेयर कृषि योग्य और बंजर भूमि नगर आयुक्त के पक्ष में आवंटित कर दी है। इसके बाद नगर आयुक्त ने दो दिन पूर्व सोफीपुर में चिह्नित भूमि का एआरएम के साथ निरीक्षण कर जल्द कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए थे।

योगी सरकार ने लखनऊ, कानपुर व आगरा जैसे बड़े महानगरों की तरह फिरोजाबाद में ई-बस संचालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें बड़े शहरों में 100-100, मथुरा-फिरोजाबाद जैसे शहरों में प्रथम चरण में 25-25 बसों के संचालन की योजना है।

सरकार की प्राथमिकता पर नगर निगम प्रशासन ने पिछले वर्ष ई-बस सेवा के डिपो के लिए जलेसर रोड पर दाऊदयाल स्टेडियम के निकट पांच एकड़ से अधिक भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा था, जो शासन स्तर से निरस्त हो गया था।

नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने बताया कि ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए डीएम ने सोफीपुर में 1.215 हेक्टेयर भूमि आवंटित कर दी है। ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द निर्माण कराया जाएगा।

रोडवेज विभाग की ओर से प्रथम चरण में 25 ई-बसों के संचालन की योजना बनाई जा रही है। इन बसों का राजा के ताल से जिला मुख्यालय दबरई तक संचालन कराया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में ह्यूम पाइप लाइन कार्य में देरी, रोडवेज और ई-बसों के रूट बदले

कूड़ा निस्तारण में लापरवाही पर आगरा की फर्म का अनुबंध समाप्त

चनौरा स्थित सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संचालन में लापरवाही करने पर नगर निगम प्रशासन ने आगरा की कार्यदायी संस्था मैसर्स एनवायरमेंटल टेक्नो का अनुबंध समाप्त कर दिया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पत्र जारी किया है।

अपर नगर आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि शहर के प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए चनौरा में 250 टन क्षमता का सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित कराया है। इस प्लांट के संचालन की जिम्मेदारी आगरा की फर्म को सौंपी गई है।

प्लांट संचालन में लापरवाही करने पर फर्म के प्रोजेक्ट मैनेजर रवि लवानियां सहित पांच कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ फर्म का अनुबंध भी समाप्त कर दिया। अब नगर निगम स्तर से ही प्लांट का संचालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बदायूं बाईपास पर बनेगा नया रोडवेज बस अड्डा, शहर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत