फिरोजाबाद में शादी की सालगिरह वाले दिन युवक की मौत, सड़क के किनारे मिला शव
फिरोजाबाद के सिरसागंज में शादी की सालगिरह के दिन एक युवक का शव सड़क किनारे मिला। पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है, जबकि स्वजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, क्योंकि युवक का पत्नी से विवाद चल रहा था।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवक का शव शादी की सालगिरह पर सड़क किनारे मिला।
पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही, स्वजन हत्या बता रहे।
मृतक का पत्नी से विवाद था, हाल ही में जेल भी गया।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सिरसागंज के धातरी गांव के पास शुक्रवार शाम शादी की सालगिरह वाले दिन युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। पास में ही युवक की बाइक भी पड़ी हुई थी। पुलिस सड़क हादसे में युवक की मृत्यु होने की बात कह रही है। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। शिकोहाबाद के गांव असुआ निवासी 25 वर्षीय जावेद निवासी पत्थर लगाने का काम करते थे।
शुक्रवार सुबह वह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शुक्रवार शाम सात बजे युवक का शव सिरसागंज के धारती गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक के सिर के पीछे चोट थी। पास में ही बाइक भी पड़ी हुई थी। पुलिस ने स्वजन को सूचना देने के साथ ही शव को मोर्चरी भेजा। पुलिस युवक की मृत्यु सड़क हादसे में होने की बात कह रही है। रिश्ते के चाचा मोहम्मद आमिर व स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है।
उनका कहना है कि बाइक में कोई नुकसान नहीं है। युवक की शादी बीते वर्ष 20 नवंबर को हुई थी। उनका पत्नी से विवाद चल रहा था। सात महीने से पत्नी अपने मायके में रह रही थी। 15 दिन पहले पत्नी की शिकायत पर जावेद को जेल भी जाना पड़ा था।
वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। इंस्पेक्टर सिरसागंज अनिल कुमार सिंह ने बताया कि स्वजन ने अभी तक शिकायत नहीं की है। शुरुआती जांच में सड़क हादसे में मृत्यु होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।