विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवा चौथ पर आर्टिफिशियल आभूषणों से सज रही हैं सुहागिनें, श्रृंगार के सामान की खूब हो रही खरीदारी

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:12 AM (IST)

करवा चौथ से पहले सोना-चांदी महंगा होने के कारण आर्टिफिशियल आभूषणों की मांग बढ़ गई है। महिलाएं अभी से खरीदारी ...और पढ़ें

सदर बाजार स्थित दुकान पर शनिवार को आर्टीफिशियल ज्वैलरी पसंद करती महिला: जागरण

सदर बाजार स्थित दुकान पर शनिवार को आर्टीफिशियल ज्वैलरी पसंद करती महिला: जागरण

HighLights

  1. सोना-चांदी महंगा होने से आर्टिफिशियल आभूषणों की मांग बढ़ी।

  2. महिलाएं करवा चौथ खरीदारी में जुटीं, बाजार में रौनक बढ़ी।

  3. डिजाइनर पूजा थाल और श्रृंगार सामग्री की भी खूब बिक्री।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। पिछले वर्ष की तुलना में सोना और चांदी काफी महंगा है। इसलिए करवा चौथ पर दंपतियों को आर्टिफिशियल (कृत्रिम) आभूषण आकर्षित कर रहे हैं। यही वजह है कि करवा चौथ की तैयारियों में लगी महिलाओं की भीड़ शनिवार को इनकी दुकानों पर नजर आई।

त्योहार पर भीड़ अधिक होने की समस्या से बचने के लिए महिलाएं अभी से खरीदारी करने बाजार में पहुंच रही हैं। साड़ी और लहंगा के साथ, रंग-बिरंगी चूड़ियां, कंगन और श्रृंगार के सामान खरीदती नजर आ रही हैं।

सुहागिनों का पर्व करवाचौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। यह दिन सुहागिनों के लिए विशेष रूप से सजने और संवरने का होता है। इसमें कोई कमी न रहे, इसके लिए महिलाओं ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।

त्योहार जैसे-जैसे करीब आ रहा है, बाजार में महिलाओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। शनिवार को भी सदर बाजार, कोटला रोड, जलेसर रोड, सुहाग नगर, राम नगर सहित अन्य क्षेत्रों में देर शाम तक महिलाएं श्रृंगार और पूजन के लिए सामान खरीदते दिखाई दीं।

बाजार में मिट्टी और चीनी के करवा, पूजन के लिए कैलेंडर बिक रहे हैं। साथ ही दुकानों पर डिजाइनर पूजा के थाल के सेट 150 से 800 रुपये तक बिक रहे हैं। वहीं भीड़ से बचने के लिए महिलाएं पहले से ब्यूटी पार्लर और मेहंदी लगाने वालों की बुकिंग भी करा रही हैं।

20 प्रतिशत तक महंगा हुआ सोना-चांदी

पिछले वर्ष करवा चौथ पर सोना 1.26 लाख रुपये प्रति तोला और चांदी 1.64 लाख रुपये किलो थी। शनिवार को सोना 1.46 लाख और चांदी 2.02 लाख के भाव बिकी। इस महंगाई के कारण करवा चौथ पर आर्टिफिशियल ज्वैलरी की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है, जो दिखने में पूरी तरह सोने और चांदी की तरह हैं। दुकानों पर गले के सेट 500-1000 रुपये तक, कंगन 500-600 रुपये तक और टीका 150-250 रुपये तक बिक रहे हैं।

दुकानदारों ने कहा

करवा चौथ पर वन ग्राम गोल्ड, अमेरिकन डायमंड (एडी) और राजस्थानी आर्टिफिशियल ज्वैलरी महिलाओं को काफी पसंद आ रही है। त्योहार को देखते हुए इस बार अच्छी बिक्री हो रही है। आने वाले दिनों में तेजी आने की उम्मीद है।

-जगदीश हिरानी, दुकानदार।

करवा चौथ के लिए ब्रांडेड कंपनियों के श्रृंगार के सामान की खूब बिक्री हो रही है। पूजन के लिए थाल, लोटा और छलनी के जिला स्तर पर ही डिजाइनर सेट तैयार कराए गए हैं, जो महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार खरीद रही हैं।

-जतिन धरना, दुकानदार।

यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर मुजफ्फरनगर के बाजारों में रौनक, पारंपरिक परिधान और आभूषण खरीद रही महिलाएं 

यह भी पढ़ें- करवाचौथ से पहले मुलेठी फेस मास्क से चेहरे की झाइयों और दाग-धब्बों को करें हल्का, इन चीजों से पाएं निखरी त्वचा