फिरोजाबाद में दूल्हा-दुल्हन के फेरों से पहले पहुंची प्रेमिका, सिपाही की टूटी शादी
फिरोजाबाद में एक सिपाही की शादी उस वक्त रुक गई जब फेरों से पहले उसकी प्रेमिका मौके पर पहुंच गई और शादी का विरोध किया।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
प्रेमिका के हस्तक्षेप से सिपाही की शादी रुकी।
दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बारात लौटी।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हुआ।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। स्टेशन रोड स्थित रायल गार्डन में बुधवार सुबह चल रहे शादी समारोह अचानक रुक गया, जब फेरों से पहले पहुंची एक युवती ने दूल्हा बने सिपाही को अपना प्रेमी बताते हुए शादी पर सवाल खड़े किए।
कुछ देर हंगामा करने के बाद युवती तो चली गई, लेकिन शादी की रस्में जहां की तहां रुक गईं। दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पंचायत के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।
मैनपुरी के बरनाहल क्षेत्र की युवती का रिश्ता टूंडला क्षेत्र के नगला रामकुंवर जाटऊ निवासी युवक के साथ तय हुआ था। युवक पुलिस में सिपाही है। मंगलवार रात बरात रायल गार्डन पहुंची। बरात चढ़ी और जयमाला भी हुई। भोर के समय शादी की रस्में चल रही थीं।
इसी दौरान एक युवती मैरिज होम पहुंची और दूल्हे के साथ अपने प्रेम संबंध होने की बात कहकर शादी का विरोध करने लगी। युवती भी अपने आप को पुलिस विभाग में तैनात बता रही थी, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को देखते हुए दुल्हन पक्ष ने सात फेरों की रस्म रुकवाते हुए शादी से मना कर दिया। इसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों के बीच लंबी पंचायत चली। आपसी सहमति से तय हुआ कि युवक पक्ष शादी की तैयारियों में हुए खर्च की रकम दुल्हन पक्ष को लौटाएगा, जिसके बाद बरात बिना दुल्हन लौट गई। प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। किसी ने तहरीर नहीं दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।