एत्मादपुर-टूंडला ग्रीनफील्ड बाइपास को मिली मंजूरी, 794 करोड़ से बदलेगी यातायात की तस्वीर
एत्मादपुर और टूंडला के बीच 16.20 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाइपास के निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 794.31 करोड़ रुपये का बजट जारी कर टेंडर जारी कर दिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एत्मादपुर-टूंडला के बीच 16.20 किमी ग्रीनफील्ड बाइपास बनेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 794.31 करोड़ रुपये का बजट जारी किया।
यह बाइपास NH-19 पर यातायात को सुगम बनाएगा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। एत्मादपुर और टूंडला के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड बाइपास के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जनता को जाम से मुक्ति मिलेगी।
एत्मादपुर और टूंडला के लिए 16.20 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाइपास का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए के निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण टेंडर जारी कर 794.31 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए चार और छह लेन का ग्रीनफील्ड बाइपास बनाया जाएगा।
निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 910 दिन की अवधि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही पांच वर्ष की मेंटेनेंस अवधि भी रखी गई है। बाइपास परियोजना का मुख्य उद्देश्य एत्मादपुर और टूंडला के यातायात को बाइपास कराना और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर आवागमन को अधिक सुगम बनाना है।
सदस्य राज्य स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) श्रीकृष्ण गौतम ने एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बाइपास बनने से क्षेत्र में सड़कों का जुड़ाव मजबूत होगा और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
