मुंगेर-भागलपुर का सफर होगा आसान: 25 सितंबर से खुलेगी ग्रीनफील्ड फोरलेन की 1 लेन, जाम से मिलेगी मुक्ति
मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन की एक लेन पर 25 सितंबर से वाहनों का परिचालन शुरू होगा, जिससे मुंगेर-भागलपुर के बीच आवागमन सुगम होगा।

मुंगेर-भागलपुर का सफर होगा आसान, 25 सितंबर से खुलेगी ग्रीनफील्ड फोरलेन की 1 लेन
HighLights
25 सितंबर से फोरलेन की एक लेन पर परिचालन शुरू।
मस्जिद मोड़ जाने की आवश्यकता नहीं, यातायात होगा सुगम।
खड़गपुर-तारापुर को भी मिलेगा बेहतर सड़क संपर्क लाभ।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन को लेकर इंतजार अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। सरकार की तय समय सीमा के अनुसार, 25 सितंबर से फोरलेन की एक लेन पर वाहनों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है।
हालांकि, तय तिथि तक मार्ग को पूरी तरह आवागमन के लिए सुचारू करने में अब भी कई चुनौतियां सामने हैं। कहीं पहुंच पथ का काम अंतिम चरण में है तो कहीं अंडरपास कनेक्टिविटी और सड़क के सीमित हिस्सों में कंक्रीट बिछाने का काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री स्तर से परियोजना की लगातार निगरानी और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता के कारण निर्माण एजेंसी व संबंधित विभाग बाधाओं को युद्धस्तर पर दूर करने में जुटे हैं।
नहीं जाना होगा मस्जिद मोड़
मुंगेर तेलिया तालाब से रामनगर तक फोरलेन के दोनों ओर बने संपर्क पथ से वाहनों को गुजारा जाएगा। फोरलेन तक पहुंचने के लिए अब नवागढ़ी के मस्जिद मोड़ जाने की जरूरत नहीं होगी। रामनगर से बरियार पुर होते हुए भागलपुर तक वाहन फोरलेन की एक लेन से चलेंगे।
इस व्यवस्था से मुंगेर-भागलपुर के बीच आवागमन करने वाले वाहनों को नए मार्ग का लाभ मिलने लगेगा। बरियार पुर स्थित सोती पुल पर वाहनों को नीचे उतरने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे पुल के आसपास वाहनों के रुकने और जाम की स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है।
खड़गपुर-तारापुर को मिलेगा संपर्क लाभ
मुंगेर होकर जमालपुर, खड़गपुर और तारापुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिल सकेगा। मुंगेर-बरियारपुर-भागलपुर के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले यात्रियों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को मिलेगा। व्यावसायिक वाहनों को लगातार सड़क मिलने से समय की बचत होगी।
बरियारपुर बाजार में सड़क किनारे वाहनों के दबाव में कमी आने से स्थानीय यातायात व्यवस्था भी बेहतर होने की संभावना है। फोरलेन चालू होने को लेकर लोगों में खुशी देखी जा रही है।
भागलपुर तक फोरलेन की दोनों लेन का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया गया है। फोरलेन की एक लेन से भागलपुर तक वाहनों के परिचालन में कहीं कोई समस्या नहीं है। निर्धारित व्यवस्था के तहत वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से कराई जाएगी। समय सीमा तक फोरलेन को नंबर तक पूर्ण रूपेण तैयार कर आवागमन सुचारू कराया जाएगा। - मनीष कुमार, परियोजना प्रबंधक
यह भी पढ़ें- खगड़िया की बदलेगी तस्वीर: बक्सर-भागलपुर और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की तैयारी, DM ने भेजा प्रस्ताव
यह भी पढ़ें- रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे: बिहार के 12 जिलों से गुजरेगा 6-लेन कॉरिडोर, नेपाल तक होगी कनेक्टिविटी
