विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया की बदलेगी तस्वीर: बक्सर-भागलपुर और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की तैयारी, DM ने भेजा प्रस्ताव

Published: Mon, 21 Sep 2026 09:54 PM (IST)

खगड़िया जिले को राज्य के प्रमुख ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे ...और पढ़ें

खगड़िया को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव, डीएम की पहल से बढ़ेगी कनेक्टिविटी (AI Generated Image)

खगड़िया को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव, डीएम की पहल से बढ़ेगी कनेक्टिविटी (AI Generated Image)

HighLights

  1. डीएम ने खगड़िया को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव भेजा।

  2. बक्सर-भागलपुर और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा खगड़िया जिला।

  3. औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया जिले को राज्य के प्रमुख ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य जिले की कनेक्टिविटी को बढ़ाना और औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करना है। इससे न केवल जिले की आर्थिकी मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

डीएम विक्रम विरकर ने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें बक्सर-भागलपुर 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे और पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से खगड़िया को जोड़ने का सुझाव दिया गया है।

प्रस्ताव में बक्सर-भागलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी के लिए एसएच 80 के माध्यम से मोकामा-सिमरिया-खगड़िया मार्ग, अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी-परबत्ता होते हुए खगड़िया और एसएच 55 के माध्यम से सिमरिया घाट क्षेत्र से संपर्क मार्गों का उल्लेख किया गया है।

पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से खगड़िया को जोड़ने के लिए भी विभिन्न संभावित मार्गों का प्रस्ताव दिया गया है। इनमें एसएच 55 के माध्यम से सिमरिया घाट क्षेत्र, कुशेश्वर स्थान और एसएच 95 एवं एनएच 107 के माध्यम से सहरसा क्षेत्र से संपर्क के विकल्प शामिल हैं।

प्रस्ताव में खगड़िया की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, मक्का, डेयरी एवं मत्स्य उत्पादन और जिले में उपलब्ध औद्योगिक संभावनाओं को विशेष रूप से दर्शाया गया है।

गोगरी प्रखंड अंतर्गत पैकांत में लगभग 500 एकड़ सरकारी भूमि औद्योगिक विकास के लिए बियडा को उपलब्ध कराई गई है। बेहतर एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी से इस क्षेत्र में औद्योगिक एवं लाजिस्टिक्स गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

डीएम ने बताया कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य खगड़िया को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराते हुए जिले की कृषि, उद्योग, व्यापार, लाजिस्टिक्स और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना है।

इसके अतिरिक्त, औद्योगिक सेटअप के लिए भी प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी का लाभ उठाते हुए आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विकास की संभावना बढ़ेगी।

बेहतर कनेक्टिविटी से कच्चे माल की आवाजाही, तैयार उत्पादों का परिवहन, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी, मत्स्य आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी से मां कात्यायनी धाम, अगुवानी गंगा घाट, परबत्ता क्षेत्र और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम होगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे: बिहार के 12 जिलों से गुजरेगा 6-लेन कॉरिडोर, नेपाल तक होगी कनेक्टिविटी