डॉक्टर और कर्मचारियों ने जमीन पर गिराकर पीटा मरीज, फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में पट्टी कराने पहुंचा था युवक
फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल में पट्टी कराने आए एक घायल मरीज को कर्मचारी और डॉक्टर ने पीट दिया। पुलिस ने ...और पढ़ें

अस्पताल में पहुंची पुलिस।
HighLights
फिरोजाबाद सरकारी अस्पताल में मरीज को पीटा गया।
पट्टी कराने आए घायल अकील से हुई मारपीट।
पुलिस ने मरीज को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सरकारी अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में सोमवार सुबह पट्टी कराने पहुंचे घायल की प्लास्टर कक्ष में तैनात कर्मचारी से कहासुनी हाे गई। इसके बाद कर्मचारी व डाक्टर ने मरीज को जमीन पर गिराकर पीटा। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पर्चा न होने की बात कहते हुए कर्मचारी ने उपचार देने से इन्कार कर दिया था।
कांच फैक्ट्री में गिरने से घायल होने पर हड्डी रोग विभाग में पहुंचा था
रसूलपुर थाना क्षेत्र के शीतल खां निवासी 24 वर्षीय अकील कांच फैक्ट्री में सफाई कार्य करते समय गिरने से घायल हो गए थे। सोमवार सुबह 11 बजे वह सरकारी अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के ड्रेसिंग रूम में पट्टी कराने पहुंच गए। पीड़ित का कहना है कि वहां तैनात कर्मचारी ने पर्चा न होने की बात कहते हुए पट्टी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने आपत्ति जताई तो कर्मचारी ने पिटाई कर दी। इस बीच डाक्टर व अन्य कर्मचारी आ गए और जमीन पर गिराकर पीटा।
मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी ने एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया
पीड़ित ने घटना की सूचना उत्तर थाना प्रभारी रवि त्यागी को फोन करके दी। इसके बाद मेडिकल कालेज चौकी प्रभारी शुभम कुमार मौके पर पहुंचे और मरीज को एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। सीएमएस डा. नवीन जैन ने बताया कि मरीज के पास पर्चा था। वह ड्रेसिंग रूम में न जाकर प्लास्टर रूम में पहुंच गया। कर्मचारी ने ड्रेसिंग रूम में जाने के लिए कहा तो अभद्रता करने लगा।
इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। मरीज को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच कराई जाएगी। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया पीड़ित अगर तहरीर देता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में खेत में घुसने पर मासूम बच्ची को बांधकर पीटा, बचाने आई गर्भवती मां से भी मारपीट
एक महीने पहले भी हुई थी मारपीट
हड्डी रोग विभाग में मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। महीने भर पहले 19 सितंबर को भी तीमारदारों और डॉक्टरों के बीच मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने उत्तर थाने में तहरीर भी दी थी। पुलिस ने जांच की बात कही, लेकिन मुकदमा अब तक दर्ज नहीं हुआ। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर देने के बाद किसी पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराने में रुचि नहीं ली।
