मौत बनकर दौड़ी दिल्ली की कार: 5 मौतों के बाद 9 km दूर तक दौड़ाई कार, फिरोजाबाद हादसे की टाइम लाइन
फिरोजाबाद में दिल्ली की एक तेज रफ्तार कार ने टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को रौंद दिया, जिससे पांच ...और पढ़ें

हादसे के बाद कार और पिटाई लगने के बाद कार सवार।
HighLights
दिल्ली की कार ने टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा को रौंदा।
हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल।
ग्रामीणों ने 9 किमी पीछा कर कार सवारों को पीटा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। लखनऊ एक्सप्रेसवे से नसीरपुर-बटेश्वर मार्ग पर दिल्ली की कार मौत बनकर दौड़ी। सड़क किनारे खड़े बच्चों और महिलाओं को टक्कर मारने के बाद भी उसकी रफ्तार कम नहीं हुई। ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो फिर पलट कर ग्रामीणों को कुचलते हुए भागने का प्रयास किया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने कार सवारों को जमकर पीटा। प्रसारित वीडियो में एक महिला कार के पहिए में लगे व्हील कवर से कार सवारों को पीटते हुए दिख रही है। इस घटना से छटनपुर गांव में रात भर कोहराम मचा रहा।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय अंजली और उसकी बहनें 17 वर्षीय आकांक्षा व दस वर्षीय बहन गुन्नू, 25 वर्षीय हरीश कुमार और 17 वर्षीय बबली की मृत्यु हो गई। बच्चों, महिलाओं सहित छह ग्रामीण और चार कार सवार घायल हुए हैं। इन्हें शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। कार सवारों की पहचान अकील और इरफान निवासी वजीरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है, इनमें दो कार सवारों की हालत गंभीर है।
मंगल गीतों के बीच छटनपुर में गूंजी चीखें
शरद पूर्णिमा पर अन्य गांवों की तरह छटनपुर में भी रविवार रात मंगलगीत गूंज रहे थे। ग्रामीण सामूहिक रूप से टेसू-झांझी का विवाह कराने के बाद विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। इस दौरान महिलाएं फेरों से लेकर विदाई तक के गीत गा रहे थे। विसर्जन केे समय भी गीत गाते हुए जा रहे थे। इसी समय आई कार ने ऐसा कोहराम मचाया कि वहां चीखें गूंजने लगीं। इस हादसे में पांच की मौत हो गई।
बोले ग्रामीण, फोन करने के बाद भी नहीं आई पुलिस और एंबुलेंस
एक तरफ घायल दर्द से चीख रहे थे। दूसरी तरफ पकड़ो...दौड़ो..छोड़ना.. मत.. जैसे शब्द गूंज रहे थे। पूरा गांव घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। ग्रामीण के अनुसार ये सब इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझ में नहीं आया। शुरू में केवल चार-पांच लोग ही घायल थे, लेकिन जब कार ने लौट कर दोबारा रौंदा तो घायलों और मरने वालों की संख्या बढ़ गई।

बेसुध परिवारीजन।
नौ किमी दौड़ी कार, घेराबंदी होने पर लौटी
ग्रामीणों के अनुसार कार सवार शराब के नशे में थे। इसीलिए उन्होंने सड़क किनारे जा रहे लोगों को भी नहीं देखा। कार को पकड़ने के लिए कई ग्रामीण बाइकों से पीछे दौड़े, लेकिन कार तेज रफ्तार शिकोहाबाद स्टेशन रोड पर नौ किमी दूर तक दौड़ी। ऐसे में ग्रामीणों ने विवेक प्रिया हॉस्पिटल के पास रहने वाले ग्रामीणों को जानकारी दी तो उन्होंने आगे घेराबंदी कर दी।
ये देख कार सवारों ने फिर से यूटर्न ले लिए और फिर से उसी मार्ग पर आ गए। यहां भी ग्रामीण तैयार खड़े थे। इससे घबराए चालक ने कार उनके ऊपर दौड़ा दी। जिससे कई और घायल हो गए।
हादसे की टाइम लाइन
- 8:30 बजे रात टेसू-झांझी का विवाह करने के बाद ग्रामीण विसर्जन यात्रा निकाल रहे थे।
- 9:15 बजे रात तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
- 9:30 बजे कार वापस लौटी और ग्रामीणों को रौंद गई।
- 9:35 बजे ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ कर पीटा
- 9:45 बजे एंबुलेंस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
- 10:25 बजे एसपी ग्रामीण शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 10:38 बजे ग्रामीण शवों को अस्पताल से बाहर ले आए और हंगामा शुरू किया।
- 10:40 बजे जनप्रतिनिधि शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 11 बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में बेकाबू कार का कहर: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को रौंदा, चार की मौत
