फिरोजाबाद में बेकाबू कार का कहर: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को रौंदा, चार की मौत
फिरोजाबाद में टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा के दौरान एक बेकाबू कार ने कई ग्रामीणों को रौंद दिया, जिससे चार लोगों की ...और पढ़ें

जिला संयुक्त चिकित्सालय पर रविवार रात पहुंचे विधायक सिरसागंज सर्वेश यादव (बाएं), डीएम संतोष कुमार शर्मा (बाएं से तीसरे), एसएसपी आदित्य लांग्हे (बाएं से चौथे), एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी (दाएं से दूसरे) व अन्य : जागरण
HighLights
टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में बेकाबू कार ने रौंदा।
हादसे में चार ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हुई।
ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़कर बेरहमी से पीटा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शरद पूर्णिमा पर रविवार रात टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में मौत की रफ्तार से घुसी कार ने कोहराम मचा दिया। आधा दर्जन ग्रामीणों को कुचलती हुई कार तेजी से भागी। एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों को पीछे आता देख कार चालक शिकोहाबाद स्टेशन रोड की तरफ भागा। वहां सामने से घेराव होते देख बाइक को टक्कर मारने के बाद उसी रोड पर वापस लौटा और फिर से ग्रामीणों को रौंदते हुए निकल गया।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार सवारों को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। हादसे में चार ग्रामीणों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन घायल हैं। तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
यह है हादसे की पूरी कहानी
नसीरपुर के गांव छटनपुर में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से टेसू और झांसी का विवाह किया था। रविवार रात 9:15 बजे महिला-पुरुष और बच्चे टेसू-झांझी को गांव के बाहर स्थित बरी के पेड़ के पास विसर्जन करने जा रहे थे। इस बीच लखनऊ एक्सप्रेसवे से उतरी दिल्ली नंबर की बीजा कार ने शिकोहाबाद की ओर जाते समय सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया।
ग्रामीण कुछ समझ पाते उससे पहले चालक ने कार को शिकोहाबाद स्टेशन रोड की ओर दौड़ा दिया। पीछा कर रहे ग्रामीणों ने नौ किमी दूर विवेक प्रिया अस्पताल के पास कार को घेरने की कोशिश की। ये देख कार चालक बाइक सवार को टक्कर मारकर भागा और दोबारा घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को रौंद दिया।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
- 8:30 बजे रात टेसू-झांझी का विवाह करने के बाद ग्रामीण विसर्जन यात्रा निकाल रहे थे।
- 9:15 बजे रात तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
- 9:30 बजे कार वापस लौटी और ग्रामीणों को रौंद गई।
- 9:35 बजे ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ कर पीटा
- 9:45 बजे एंबुलेंस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
- 10:25 बजे एसपी ग्रामीण शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 10:38 बजे ग्रामीण शवों को अस्पताल से बाहर ले आए और हंगामा शुरू किया।
- 10:40 बजे जनप्रतिनिधि शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
- 11 बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे।
पुलिस देर से पहुंची तो हुआ हंगामा
पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। इसी बीच ग्रामीणों ने घेराबंदी करके कार सवारों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह कार सवारों को बचाया।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय अंजली, 17 वर्षीय आकांश, 25 वर्षीय हरीश कुमार व 17 वर्षीय बबली की मृत्यु हो गई। इसके अलावा बच्चों, महिलाओं सहित आठ ग्रामीण और चार कार सवार घायल हुए हैं। इन्हें शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
