नहीं पता था दोबारा लौट आएंगी गाड़ी... फिरोजाबाद में बेकाबू ने 5 को रौंदा, 3 बहनों की मौत से सदमे में परिवार, बताया आंखों देखा हाल
फिरोजाबाद में टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा के दौरान एक बेकाबू कार ने लोगों को रौंद दिया, जिससे तीन बहनों सहित चार ...और पढ़ें

हादसे में मृतकों के फाइल फोटो।
HighLights
टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में बेकाबू कार ने रौंदा।
हादसे में तीन बहनों सहित कई लोगों की मौत।
ग्रामीणों ने नशे में धुत कार सवारों को पीटा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। हादसे में घायल हुए ग्रामीणों ने जो बताया वो रौंगटे खड़े करने वाला था। सरकारी ट्रामा सेंटर घायलावस्था में आए चंद्रवीर और उनकी बेटी ने घटना का आंखों देखा हाल बताया। चंद्रवीर के हाथ और पैर में चोट आई है। उन्होंने ने बताया गांव में टेसू-झांझी के विवाह के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी। तभी शिकोहाबाद की ओर जा रही ब्रेजा कार ने टक्कर मार दी, जिससे चार लोग घायल हो गए थे, वहीं एक किशोरी की मृत्यु हो गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने पर कार 10-15 मिनट बाद दोबारा लौटी और सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदती हुई चली गई। ये किसी ने नहीं सोचा था कि कार लौट कर आएगी। दूसरी बार की टक्कर से अधिक लोग घायल हो गए।
चंद्रवीर की बेटी शिवानी ने बताया हादसे की जानकारी पर वह मौके पर पहुंची थीं। इसी बीच तेज रफ्तार कार लोगों को रौंदती हुई चली गई। टक्कर इतनी जोर की थी कि कई लोग उछलकर दूर जा गिरे। चारों ओर चीख पुकार मच गई।

तीन बहनों की मौत से सदमे में परिवार
हादसे में तीन बहनों आकांक्षा, अंजली और गुन्नू की मौत से परिवार सदमे में है। पिता शिशुपाल का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन एक-एक कर तीन बेटियों की मौत ने उन्हें हिलाकर रख दिया था। बोले झांझी की शादी करते समय तीनों चहक रहीं थीं, लेकिन अब उनके चेहरे मुर्झाए हैं। इस हादसे में हरीश और बबली की भी मौत हुई है।
14 लोग हुए घायल, 30 मिनट तक शिकोहाबाद अस्पताल में हुआ हंगामा
हादसे की जानकारी होने पर डीएम संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे, एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव, डॉ. दिलीप यादव शिकोहाबाद अस्पताल, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय और सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे।
कार रोकने के लिए सड़क पर लगाया ट्रैक्टर
हादसे के बाद ग्रामीण कार सवारों का पीछा कर रहे थे। स्टेशन रोड से चालक ने कार वापस छटनपुर गांव की ओर ही दौड़ा दी। उसे रोकने के लिए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर दिया। इससे कार उससे टकरा गई। इसके बाद ग्रामीण कार सवारों पर टूट पड़े।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो, जिसमें कार की ड्राइविंग सीट पर चालक बेसुध पड़ा दिख रहा है: वीडियो ग्रेब
चारों युवकों को कार से खींचकर पीटना शुरू कर दिया।
हादसे की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन की ओर से सरकारी ट्रामा सेंटर को अलर्ट किया गया। उत्तर थाना पुलिस ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर जानकारी दी। इसके बाद अतिरिक्त डॉक्टरों और स्टाफ को बुलाया गया। घायलों के अस्पताल पहुंचते ही उनका इलाज शुरू किया गया।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए पिटाई के वीडियो
हादसे से जुड़े कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए। पांच मिनट के एक वीडियो में ग्रामीण कार में बैठे युवकों को खींचकर उनकी पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। घायलों में लोग अपनों की तलाश कर रहे हैं। उजाला करने के लिए वाहनों की लाइटों को कुछ ग्रामीण जलाए हुए हैं। मृतकों और घायलों के स्वजन चीखते-चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं।
कार सवारों पर नशे में होने का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार सवारों पर नशे में वाहन दौड़ाने का आरोप लगाया। शिवानी ने बताया कि कार सवार नशे की हालत में थे। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने कार सवारों के खून की जांच कराने की बात कही है।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में बेकाबू कार का कहर: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को रौंदा, चार की मौत
