फिरोजाबाद में चरस की बड़ी खेप पकड़ी गई, सरगना मौके से भागा; भाई सहित तीन गिरफ्तार
फिरोजाबाद पुलिस ने रामगढ़ क्षेत्र से 21.467 किलोग्राम चरस के साथ सरगना के भाई समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
फिरोजाबाद पुलिस ने 21.467 किलोग्राम चरस जब्त की।
चरस गिरोह का सरगना इंतजार मौके से भाग निकला।
सरगना का भाई मुन्तियाज समेत तीन तस्कर पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। रामगढ़ पुलिस ने चरस की खेप के साथ सरगना के भाई समेत तीन तस्करों को पकड़ा है। सोमवार रात दो बजे ममता डिग्री कालेज अंडरपास के नीचे से पकड़े गए आरोपितों के पास से 21.467 किलोग्राम चरस बरामद हुई। सरगना मौके से भाग निकला। अलीगढ़ पुलिस भी उसकी तलाश में लगी है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में मुन्तियाज निवासी आकाशवाणी रोड, रामगढ़, फईम निवासी नूरनगर, रामगढ़ और मोहम्मद शोएब निवासी दीदामई, रामगढ़ शामिल हैं। एक आरोपित इंतजार मौके से भाग निकला है। वह गिरोह का सरगना है। वह तीन दिन पहले चरस की खेप लेकर भाई मुन्तियाज के घर पहुंचा था।
मुन्तियाज ने उसे अपने साथी फईम के घर रख दिया। सोमवार रात में इंतजार आया और खेप लेकर ममता डिग्री कालेज के पास तीनों के साथ पहुंचा। इसके बाद वह गाड़ी लेकर आने की बात कहकर चला गया। तभी पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ लिया।
मूलरूप से कासगंज में सोरों का रहने वाला है सरगना
इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने बताया कि इंतजार की दो खेप चरस अलीगढ़ में पकड़ी गई हैं। पुलिस के डर से वह भाई के यहां बची हुई चरस छिपाए था। उसका बड़ा भाई मुन्तियाज मजदूरी करता है और यहां किराए पर रहता है। उसके विरुद्ध रसूलपुर थाने में दहेज हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इंतजार और मुन्तियाज मूलरूप से सोरों, कासगंज के रहने वाले हैं। वहीं अन्य दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। चरस की खेप कहां जानी थी, यह भी आरोपितों को नहीं पता था।
