फतेपहुर में चंगाई सभा की आड़ में मतांतरण का खेल, बजरंग दल का हंगामा, पुलिस ने हिरासत में लीं 2 महिलाएं
फतेहपुर में बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने एक घर में चल रही चंगाई सभा पर छापा मारा, जहाँ ...और पढ़ें
-1787304579517_m.webp)
HighLights
गरीबों को रुपयों का प्रलोभन देकर बुलाते, बाइबल पुस्तकें मिलीं
तीन वर्षों से चल रही चंगाई सभा, दो महिलाएं पुलिस हिरासत में
बजरंग दल ने चंगाई सभा व मतांतरण का आरोप लगाया, किया हंगामा
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। सातमील के समीप आजाद नगर नई बस्ती स्थित एक घर में चंगाई सभा की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता पहुंचे और मतांतरण का आरोप लगाकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि अशिक्षित व गरीब वर्ग को रुपयों का प्रलोभन देकर उन्हें मतांतरण को प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस ने घर से तीन बाइबल की पुस्तक बरामद कर दो महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
हुसेनगंज के रहिमापुर गांव निवासी मैयादीन की पत्नी राजकुमारी पासवान वर्तमान समय सातमील के पास आजाद नगर नई बस्ती में रहती हैं। शुक्रवार को चंगाई सभा की सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता उक्त महिला के घर पहुंचे तो करीब 15 महिलाएं मौजूद थीं। इस पर कार्यकर्ताओं ने चंगाई सभा कर मिशनरियों का प्रचार प्रसार व गरीब वर्ग को मतांतरण के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
उनका आरोप था कि बीते तीन वर्षों से उक्त महिला यहां पर चंगाई सभा कर अशिक्षित व गरीब वर्ग को मतांतरण के लिए प्रेरित कर रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस आई और घर की तलाशी लेकर तीन बाइबल पुस्तक बरामद की। पुलिस ने घर के भीतर मौजूद सुमित्रा पत्नी श्रवण निवासी कमलपुर, कलावती व रामकली निवासी बरूआहार हथगाम, सुधा देवी, धुरी देवी, पिंकी निवासी मिश्रामऊ से जानकारी जुटाई। इसके बाद आरोपित राजकुमारी पासवान व कुसमा पत्नी रामकिशोर मौर्य निवासी मकनपुर को हिरासत में ले लिया।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं में विहिप के भिटौरा प्रखंड अध्यक्ष शालू द्विवेदी, पंकज चौरसिया, वीरेंद्र सोनी, हिमांशु द्विवेदी, राजू लोधी, गोरे शुक्ला आदि मौजूद रहे। हुसेनगंज थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि राजकुमारी पासवान के खिलाफ मतांतरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।
महिलाएं बोलीं, बीमारी होती दूर
पुलिस की पूछताछ में सुमित्रा देवी व कलावती ने बताया कि यदि कोई बीमारी है तो यहां पर कोई मंत्र पढ़कर जल छिड़का जाता है, जिससे उनकी बीमारी दूर हो जाती है। एसओ आलोक पांडेय ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ता गौर शुक्ला की ओर से तहरीर आई है। महिलाओं से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। बाइबल पुस्तक बरामद की गई है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
