फतेहपुर में सेप्टिक टैंक पर लगा प्लाई का ढक्कन टूटा, खेलते-खेलते उसमें गिरा 7 साल का मासूम; दो घंटे बाद निकला शव
गाजीपुर में फतेहपुर रोड के मीरापुर मोड़ पर एक सेप्टिक टैंक में डूबने से सात वर्षीय मासूम रितिक की मौत ...और पढ़ें

रितिक की मौत के बाद गाजीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गमगीन खड़ी महिलाएं। जागरण
HighLights
सात वर्षीय मासूम रितिक की सेप्टिक टैंक में डूबकर मौत
प्लाईवुड का ढक्कन टूटने से हुआ दर्दनाक हादसा
फायर ब्रिगेड ने दो घंटे बाद शव को निकाला
संवाद सूत्र, गाजीपुर(फतेहपुर)। फतेहपुर रोड के मीरापुर मोड़ के पास सेप्टिक टैंक में सात वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से जाल डालकर दो घंटे बाद शव निकाला। घर के सामने बने चबूतरे में टैंक को प्लाईवुड से ढककर रखा गया था। प्लाई के सड़ जाने से पैर पड़ते ही बालक टैंक में चला गया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि लापरवाही से बालक की जान ले ली। टैंक को पत्थर और पक्का कराया जाना चाहिए था। बिना किसी कार्रवाई के बालक का अंतिम संस्कार भी स्वजन ने कर दिया।
रुना खुर्द निवासी ननकू ने मीरापुर मोड़ के सामने मकान बनवा रखा है। मंगलवार को शाम चार बजे ननकू का सात वर्षीय बेटा रितिक खेलते-खेलते बगल में बने हरिप्रसाद निवासी गाजीपुर के सेप्टिक टैंक के गड्ढे में जा गिरा। खेल रहे बच्चों ने घटना की जानकारी दी। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। गोताखोर और जाल की मदद से बच्चे का शव निकाला गया। उसे गाजीपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया जिसे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मां अनीता, बहन प्रतिज्ञा, अंजली व पायल का रो-रोकर बुराहाल है। ननकू के तीन बेटियां व एक ही बेटा रितिक था जो कक्षा दो का छात्र था। सऊदी अरब में नौकरी कर रहे ननकू को घटना की जानकारी दी गई है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि टैंक का ढक्कन खुला था। जिसमें सात वर्षीय बालक की मौत हो गई।
