फतेहपुर में PM सड़क योजना का घटिया काम देखकर भड़के लोग, विधायक के सामने ही हाथों से उखाड़ दी सड़क
फतेहपुर में ग्रामीणों ने विधायक जय कुमार जैकी के सामने प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बन रही 50 मीटर सड़क ...और पढ़ें

ग्रामीणों द्वारा हाथ से उखाड़ी गयी निर्माणाधीन अल्लीपुर से हसनापुर सड़क
HighLights
ग्रामीणों ने विधायक के सामने 50 मीटर सड़क हाथों से उखाड़ी।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बन रही सड़क की गुणवत्ता खराब।
विधायक जय कुमार जैकी ने घटिया काम की जांच के आदेश दिए।
संवाद सूत्र, फतेहपुर। केंद्र व यूपी की सरकार सड़कों के बहुतायत काम करा रही है, लेेकिन काम की गुणवत्ता को लेकर जगह-जगह सवाल उठ रहे हैं। सोमवार को ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क का 50 मीटर हिस्सा हाथों से विधायक के सामने उखाड़ दिया और गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इसका एक वीडियो इंटरनेट में प्रचलित हो रहा है जिसके बाद जिले में भी भाजपा नेताओं की किरकिरी हो रही है। हालांकि अब इस सड़क की जांच को लेकर आवाज उठी है।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे में अल्लीपुर कस्बा है। इस कस्बे से हसनापुर सानी गांव के लिए छह किलोमीटर का संपर्क मार्ग है। वर्तमान में प्रधानमंत्री सड़क योजना से यह मार्ग निर्मित किया जा रहा है। सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब है कि ठेकेदार ने मिट्टी पर रोलर चलाकर बराबर तो कर दिया है। लेकिन मानक के अनुसार गिट्टी व तारकोल नहीं डाला है।
विधायक ने दिए जांच के निर्देश
कई जगह पर पहले से बनी सड़क पर तारकोल मिलाकर जीरा गिट्टी डाल दी गयी है। अब यह सड़क उखड़ हाथ लगाने से उखड़ रही है। हसनापुर गांव के राम प्यारे मिश्र, छंगू बाजपेयी, आदि का कहना है कि अगर इस गुणवत्ता के साथ सड़क बनीं तो छह महीने भी सड़क नहीं चल पाएगी।
सोमवार को जब विधायक जय कुमार जैकी इस मार्ग को देखने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हीं के सामने 50 मीटर सड़क हाथ से उखाड़ दी। विधायक जय कुमार जैकी ने कहा कि उन्होंने गांव पहुंच कर सड़क का काम देखा, जो बेहद ही घटिया है। इस काम को एआरटी एलएस आरजेबी कानपुर द्वारा किया जा रहा है।
ग्रामीण अभियंत्रण सेवा प्रखंड के एक्सईएन से भी इसकी जांच कराने को कहा है। उधर एक्सईएन विकास कुरील का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। गुणवत्ता में कमी है तो संबंधित ठेकेदार से पुन: काम कराया जाएगा। विधायक के निरीक्षण दौरान पंकज त्रिपाठी, आशुतोष अवस्थी, शुभम परिहार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
