विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में भीषण विस्फोट: सन्नाटे को चीरती परिजनों की चीखें, 5 मासूमों की मौत से पल भर में उजड़ गया परिवार

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:30 PM (IST)

फतेहपुर के मलवां कस्बे में भीषण विस्फोट से एक पटाखा व्यवसायी का मकान ढह गया, जिसमें उसके बेटे और चार ...और पढ़ें

पांच बच्चों की मौत के बाद बदहवास स्वजन। जागरण

पांच बच्चों की मौत के बाद बदहवास स्वजन। जागरण

HighLights

  1. फतेहपुर में भीषण विस्फोट से पांच बच्चों की मौत

  2. पटाखा व्यवसायी का दो मंजिला मकान जमींदोज हुआ

  3. विस्फोट के कारण की जांच जारी, गैस या बारूद

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। फतेहपुर में एक धमाका और पूरे परिवार की खुशियां मलबे में दब गईं। भीषण विस्फोट ने परिवार के अरमानों को जिंदा दफन कर दिया। सन्नाटे को चीरती परिजनों का रोना और बदहवास चीखों ने हर किसी का कलेजा छलनी कर दिया। व्यवसायी के कलेजे के टुकड़े उसका अपना बेटा और चार भतीजे काल के क्रूर गाल में समा गए। जहां बच्चों की खिलखिलाहट से आंगन गूंजता था, आज वहां सिर्फ मलबा और कभी न खत्म होने वाला दर्द पसरा है। इस मंजर को देख हर आंख नम है।

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर स्थित मलवा कस्बा में सोमवार शाम पटाखा व्यवसायी व फल विक्रेता का दो मंजिला मकान जमींदोज होने के बाद पुत्र व चार भतीजों की मौत से करुण क्रंदन गूंजती रही। एसडीआरएफ टीम के प्रयागराज से न आ पाने पर दस मजदूर मलबा हटाने में लगे हुए हैं।

मकान की छत से इंडेन गैस का रेग्युलेटर, रबड़, चूल्हा व नीचे रखे सिलिंडर मिले लेकिन एक भरा गैस सिलिंडर अभी नहीं मिला है। हृदय विदारक हादसे पर जिला प्रभारी मंत्री अजीत पाल, डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अभिमन्यु मांगलिक पहुंचे और पीड़ित स्वजन से मिले।

जहानाबाद भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल, बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, सपा नेता रामेश्वर दयाल गुप्ता, कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी मौके पर पहुंचकर स्वजन को ढांढस बधाया।

एसडीएम बिंदकी निशांत तिवारी, तहसीलदार धीरज त्रिपाठी, सीओ सिटी गौरव शर्मा भी पहुंचे।अभी फोरेंसिक व दमकल टीम जांच में जुटी हुई है कि विस्फोट गैस सिलिंडर से हुआ है कि पटाखा के बारूद से..।उधर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस बीच हर किसी के आंखों में आंसू छलकते रहे।

बता दें कि मलवां कस्बा में रहने वाले पटाखा व्यवसायी व फल विक्रेता सुरेश गुप्ता सोमवार शाम अपने छोटे दस वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ दुकान पर थे। घर पर इनकी 50 वर्षीय पत्नी उमा देवी, 48 वर्षीय लहुरी पूजा देवी पत्नी स्व. रोहित गुप्ता, 18 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी देवी शाम पांच बजे रसोई गैस सिलिंडर पर नाश्ता बना रही थी।

छत पर व्यवसायी का 15 वर्षीय पुत्र कुनाल, 18 वर्षीय भतीजा अर्पित, आठ वर्षीय वेद पुत्र स्व. रोहित गुप्ता, 24 वर्षीय भतीजा आलोक पुत्र पन्नाला, भतीजा यश उर्फ टुकटुक पुत्र गुड्डन गुप्ता थे। बताते हैं कि रसोई घर में सिलिंडर में आग लग जाने पर चीख पुकार करते हुए मां-बेटी व देवरानी घर से बाहर निकल गईं।

ग्रामीण मौके पहुंचते इससे पहले ही तेज विस्फोट हो गया। जिससे मकान जमींदोज हो गया। घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां व्यवसायी के पुत्र कुनाल, भतीजे वेद गुप्ता, अर्पित यश गुप्ता उर्फ टुकटुक व आलोक गुप्ता को चिकित्सकीय टीम ने मृत घोषित कर दिया।

हृदय विदारक हादसे से व्यवसायी सुरेश गुप्ता बेहोश हो गए जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। आंशिक रूप से झुलसी पूजा देवी पत्नी स्व.रोहित रो-रोकर बेहाल हैं। जिन्हें ढांढस बंधाने लोग पहुंच रहे हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि तीन सिलिंडर व चूल्हा मिल गए हैं, मलबा हटाया जा रहा है। जांच बाद ही पता चल सकेगा कि विस्फोट की वजह क्या थी। प्रथम दृष्टया लीकेज गैस सिलिंडर से विस्फोट होने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़ें- फतेहपुर में भीषण विस्फोट, पटाखा व्यवसायी का दो मंजिला मकान ढहा, 7 लोग दबे, बेटे व भतीजों समेत 5 की मौत