फतेहपुर में ओवरटेक के चक्कर में ट्रक से टकराई टूरिस्ट बस, कंडक्टर और एक यात्री की मौत; 15 घायल
फतेहपुर में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर ओवरटेक के चक्कर में एक टूरिस्ट बस आलू लदे ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 15 यात्री घायल हो गए। हादसे में बस कंडक्टर और एक यात्री ने जान गंवाई, जबकि छह गंभीर घायलों को फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
फतेहपुर में टूरिस्ट बस-ट्रक की टक्कर, दो की मौत।
ओवरटेक के चक्कर में हुआ भीषण सड़क हादसा।
बस कंडक्टर और एक यात्री ने गंवाई जान।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर चौराहे पर रविवार तड़के तीन बजे करीब ओवरटेक के चक्कर में आगे चल रहे आलू लादे ट्रक से टूरिस्ट बस टकरा गई। टूरिस्ट बस गाजियाबाद से वाराणसी जा रही थी। जिसमें चालक व कंडक्टर समेत करीब 40 यात्री सवार थे।
हादसे में बस के कंडक्टर व एक यात्री की मृत्यु हो गई। जबकि 15 यात्री घायल हो गए। जिनमें छह यात्रियों को गंभीर चोट की वजह से सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना प्राप्त होने पर कस्बा इंचार्ज गिरीश द्विवेदी मय फोर्स मौके पर गए। दो एंबुलेंस व पुलिस की गाड़ियों से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। कस्बा इंचार्ज ने बताया कि भोगलपुर चौराहे पर आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही बस, बाए हिस्से से ट्रक में टकरा गई।
ऊपर बनी बर्थ में सो रहे कंडक्टर 31 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र सुधीर कुमार, निवासी करबल नगर, नार्थ ईस्ट दिल्ली तथा 34 वर्षीय आशीष गुप्ता पुत्र श्याम सुंदर गुप्ता, निवासी सुल्तानपुर घोष, फतेहपुर की मृत्यु हो गई।
जबकि पुलिस व हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से 15 घायलों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया गया। दिवंगत आशीष गुप्ता के बारे में बताया गया कि वह नोयडा में रहकर व्यापारिक विषय की तैयारी करते थे। जबकि दिवंगत आशीष कुमार बस में अतिरिक्त कंडक्टर रहे।
हादसे में घायल हुए
सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर निवासी पवन कुमार, आगरा जनपद के जगनेर थानांतर्गत सिंघाइच निवासी मनोज कुमार, वाराणसी के सारनाथ निवासी अशोक विश्वकर्मा, दिल्ली 27 केबी न्यू फ्रेंडी निवासी अभिनव पांडेय, आदित्य शर्मा, वाराणसी के लंका बालाजी निवासी संजना सिंह, नोएडा के रांचशील टी 5/ 1204 सेक्टर 75 निवासी रीता वर्मा, अनुज कुमार, प्रयागराज जिले के अम्बावा झूंसी
निवासी धर्मेंद्र सिंह, फूलपुर प्रयागराज निवासी सुरेंद्र सिंह, अल्लापुर प्रयागराज निवासी रेनू सिंह, मध्य प्रदेश के भाओपर निवासी पूनम जायसवाल, सिमरौली निवासी द्रवादय प्रसाद घायल हुए हैं। खागा सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सीय टीम ने बस के अतिरिक्त चालक मनोज कुमार व यात्रियों में अशोक, संजना, रीता, धर्मेंद्र व सुरेंद्र को गंभीर चोट होने पर मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया है।
हादसे के बाद भाग निकला चालक
सीएचसी में घायलों ने बताया कि चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। यात्रियों ने बताया कि बस में दो चालक व दो कंडक्टर रहे। हादसे के बाद दो कंडक्टर व एक चालक मौके पर रहा। जबकि जिस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ, वह चीख-पुकार के बीच मौके से भाग निकला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।