जमीन के बंटवारे ने बना दिया था दुश्मन, 6 महीने बाद थाने में गले लगकर फूट-फूटकर रोए दो भाई; VIDEO
फतेहपुर में संपत्ति विवाद को लेकर छह माह से नाराज दो भाइयों का थाने में भावुक मिलन हुआ। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों ने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और आंसू बहाए।
HighLights
संपत्ति विवाद में उलझे दो भाइयों का मिलन.
पुलिस की समझाइश से हुआ भावुक समझौता.
छह माह की नाराजगी आंसुओं में बह गई.
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। जिस भाई के साथ गरीबी में बचपन गुजारा, मजदूरी कर परिवार का पेट पाला और बेहतर भविष्य के सपने संजोकर परदेस गए, उसी भाई से करोड़ों की संपत्ति खड़ी होने के बाद रिश्ते बिगड़ गए।
जमीन और फसल के बंटवारे ने ऐसा विवाद खड़ा किया कि छह माह तक बातचीत बंद रही। गिले-शिकवे इतने बढ़े कि मामला मारपीट और मुकदमेबाजी तक पहुंचने की नौबत आ गई। मगर थरियांव थाने में जब दोनों भाई आमने-सामने आए तो नफरत की दीवार ढह गई।
एक-दूसरे को गले लगाते ही दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। यह दृश्य देखकर उनकी पत्नियों की आंखें भी छलक पड़ीं।
15 साल पहले दोनों भाई बेंगलुरू चले गए
थाना क्षेत्र के एकारी गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने गरीबी में बचपन बिताया। परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी की और करीब 15 वर्ष पहले बेहतर भविष्य की तलाश में बेंगलुरू चले गए।
वहां मेहनत के दम पर कारोबार खड़ा किया और करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली। समय बदला तो जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। धीरे-धीरे भाईचारा दुश्मनी में बदल गया।
विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा
विवाद बढ़ने पर कई बार पुलिस तक मामला पहुंचा। एसपी तक मामला पहुंचने के बाद थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। उन्होंने बचपन के संघर्ष, साथ बिताए दिनों और खून के रिश्ते की अहमियत समझाई।
समझाने के बाद दोनों भाइयों के बीच सहमति बनी
काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों भाई आपसी सहमति से समझौते को राजी हो गए। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को मीठा खिलाकर गले लगे। भाइयों को फिर से मिलते देख थाने का माहौल भी भावुक हो गया। छह माह से रिश्तों पर जमी नाराजगी आंसुओं के साथ बह गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।