विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में बंदरों का आतंक, झुंड के हमले से घबराकर दूसरी मंजिल से गिरे बुजुर्ग की मौत

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:28 AM (IST)

फतेहपुर के बिंदकी में बंदरों के झुंड के हमले से डरकर छत से गिरे 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. बिंदकी में बंदरों के हमले से बुजुर्ग की दुखद मौत।

  2. छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान हुई मृत्यु।

  3. यह इलाके में बंदरों के हमले से चौथी मौत है।

संवाद सहयोगी, बिंदकी (फतेहपुर)। आबादी क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती संख्या जान पर भारी पड़ रही है। नगर में बंदरों के एक झुंड के हमले में वरिष्ठजन छत से नीचे गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्वजन इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ लेकर जा रहे थे, रास्ते में उनकी मौत हो गई।

बंदरों के हमले से यह चौथी मौत है। तीन अन्य लोगों की भी बंदरों के हमले के दौरान छत से गिरने से मौत हो चुकी है। जिम्मेदार विभाग नगर पालिका व वन विभाग के पास बंदर पकड़ने की फिलहाल कोई कार्य योजना नहीं है।

नगर में मुहल्ला पैगंबरपुर मुहल्ला निवासी वरिष्ठजन 70 वर्षीय आचार्य रमाकांत तिवारी बुधवार काे किसी काम से मकान की दूसरी मंजिल की छत पर गए। इस दौरान बंदरों का एक झुंड आया और वरिष्ठजन को दौड़ा लिया। दहशत में आकर वरिष्ठजन भागे और मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। गिरने की आवाज सुनकर स्वजन व पड़ोसी दौड़कर पहुंचे।

भाई राजेश तिवारी ने बताया कि गंभीर हालत में वरिष्ठजन को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले गए। प्राथमिक उपचार बाद चिकित्सक ने हालत बिगड़ने पर एलएलआर कानपुर रेफर कर दिया। वहां भी देर शाम हालत और बिगड़ने लगी, इस पर पीजीआई लखनऊ के लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। गुरुवार को बक्सर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।

दिवंगत वरिष्ठजन के स्वजन पत्नी बेबी तिवारी, पुत्र आशीष तिवारी व पुत्री पूजा तिवारी रो-रोकर बेहाल है । स्वजन ने कहा कि पिछले एक साल से बंदर पूरे इलाके के लोगों को परेशान कर रह हैं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी चंद्रकृष्ण पांडेय ने कहा कि बंदरों को पकड़ने का टेंडर होता है, नगर पालिका के पास फंड न होने कारण टेंडर नहीं हो सका है। बजट की उपलब्धता होने पर बंदर पकड़ने के टेंडर कर मथुरा से टीम बुलाई जाएगी।

क्षेत्रीय वन अधिकारी विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि बंदर पकड़ने के लिए नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका, ग्रामीण में ग्राम पंचायत करती है। वन विभाग के कर्मचारी फिर मौके पर निगरानी करेंगे। बंदर पकड़े जाने के बाद कहां छोड़ने हैं, यह भी वन विभाग तय करेगा। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि स्वजन ने ऐसी कोई सूचना नहीं दी है।

यह भी पढ़ें- UP: फतेहपुर में बेकाबू बोलेरो पलटने से 3 लोग घायल; बिंदकी में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।