UP: फतेहपुर में बेकाबू बोलेरो पलटने से 3 लोग घायल; बिंदकी में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर
जोनिहां-जहानाबाद मार्ग पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटने से तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया।

बोलेरो अनियंत्रित होकर खड्ढे में पलटी।
HighLights
बोलेरो पलटने से जोनिहां-जहानाबाद मार्ग पर तीन लोग घायल।
बिंदकी में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल।
पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
संवाद सूत्र, जोनिहां(फतेहपुर)। जनपद कानपुर थाना घाटमपुर के भंडार देहवा गांव निवासी अंकित यादव बुधवार को बड़े भाई शनी कुमार व बोलेरो चालक जनपद उन्नाव थाना अचलगंज के आटा बंथर गांव निवासी नृपेंद्र कुमार के साथ चांदपुर थाने के मदरी गांव रिश्तेदारी में गए थे। देर रात वापस लौटते समय जोनिहां-जहानाबाद मार्ग में बिंदकी कोतवाली के सहजादीपुर नहर पुल के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर खड्ढे में जाकर पलट गई।
बोलेरो के अंदर तीनों लोग फंस गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। इलाज के लिए सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया। जोनिहां चौकी प्रभारी सावन कुमार पटेल ने बताया कि बोलेरो पलटने से दो भाइयों सहित तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
बिंदकी में ललौली थाने के दतौली गांव निवासी मनोज बुधवार को बाइक से बिंदकी किसी काम से आए थे। देर रात घर जाते समय बिंदकी कोतवाली के कोरवां गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान चिकित्सक ने हालात बिगड़ते देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है।