विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद में रिश्ते शर्मसार, चाचा ने तीन वर्षीय बच्ची से किया दुष्कर्म

Published: Sun, 23 Aug 2026 03:08 PM (GMT+05:30)

फर्रुखाबार में रिश्ते को शर्मसार करने वाली वारदाता सामने आई है। चाचा ने ही अपनी तीन साल की भतीजी से ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. घर की छत में खेलते वक्त की खौफनाक वारदात

  2. बच्ची के चीखने पर स्वजन मौके पर तो आरोपित भागा

संवाद सूत्र, नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। रिश्तों को कलंकित करते हुए छत पर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची के साथ उसके 23 वर्षीय चाचा ने दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर स्वजन छत की ओर दौड़े तो युवक भाग निकला। खून से लथपथ बच्ची का डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। शनिवार देर रात सीओ व थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने पीड़िता के खून से सने कपड़े कब्जे में लिए। रविवार दोपहर को पुलिस ने आरोपित चाचा को गिरफ्तार कर शाम को चालान कर दिया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

शनिवार शाम करीब आठ बजे नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन वर्षीय बच्ची अपने घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान छत पर उसके 23 वर्षीय चाचा ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर उसकी मां छत पर पहुंची तो युवक वहां से भाग निकला। खून से लथपथ बच्ची को देखकर उसकी मां परेशान हो गई।

महिला ने इसकी सूचना दिल्ली में काम कर रहे पति को दी। रात करीब 2:30 बजे यूपी 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। दुष्कर्म पीड़िता के खून से सने कपड़े पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिए।

रविवार सुबह करीब नौ बजे बच्ची को डा. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल भेजा गया। वहां पर डा. नेहा ने प्राथमिक उपचार कर बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण किया। इसके बाद बच्ची को घर भेज दिया गया। रविवार सुबह 5:08 बजे बच्ची की मां ने आरोपित देवर के खिलाफ दुष्कर्म व लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पाक्सो एक्ट) का मुकदमा दर्ज कराया। सीओ अजय वर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर आरोपित चाचा को मंझना रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।

छत पर चढ़कर आया था आरोपित चाचा

बालिका के पिता दिल्ली में फैक्ट्री में काम करते हैं। वह अपनी मां व दो भाइयों के साथ घर पर रहती है। बालिका का चाचा अपने माता पिता के साथ पड़ोस में अलग मकान में रहता है। आरोपित चाचा छत से बालिका की छत पर आया था। दुष्कर्म की घटना के बाद पीड़िता की मां ने स्वजन से घटना के संबंध में बातचीत की। जब कोई हल नहीं निकला, तब पीड़िता की मां ने पुलिस को सूचना दी।