Hanuman Ansh: फर्रुखाबाद के इस धाम में बाबा नीब करौरी ने बनाई थी हनुमान जी की मूर्ति, 'हनुमान अंश' के बाद उमड़ रहे भक्त
फिल्म Hanuman Ansh देखने के बाद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद स्थित बाबा नीबकरौरी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। ...और पढ़ें

बाबा नीब करौरी धाम में स्थापित हनुमानजी का विग्रह। जागरण
HighLights
फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद नीबकरौरी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ी
बाबा नीबकरौरी ने स्वयं हनुमान जी की मूर्ति गोबर-मिट्टी से बनाई थी
मंदिर के सामने अतिक्रमण से श्रद्धालुओं को दर्शन में परेशानी हो रही है
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। फिल्म हनुमान अंश (Hanuman Ansh) देखने के बाद मोहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित बाबा नीब करौरी धाम पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। आसपास जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने आ रहे हैं। मंगलवार व शनिवार को यहां व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को लाइन लगवानी पड़ती है। वहीं मंदिर के बाहर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां बनाई थी हनुमान जी की मूर्ति
मोहम्मदाबाद में स्थित बाबा की तपोस्थली नीब करौरी धाम श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। हनुमान जी के स्वरूप माने जाने वाले बाबा नीब करौरी की इस पावन तपोभूमि से देश-विदेश के लाखों भक्तों की भावनाएं जुड़ी हैं। यहां स्थापित हनुमानजी के विग्रह की विशेषता यह है कि इसे स्वयं बाबाजी ने अपने हाथों से गाय के गोबर और मिट्टी के मिश्रण से बनाया था।
पास में पवित्र गुफा, जहां बाबाजी साधना करतेथे
भक्तों का विश्वास है कि बाबाजी आज भी अदृश्य रूप में यहां विराजमान हैं और उनकी हर पुकार सुनते हैं। पास में ही पवित्र गुफा है, जिसमें बाबाजी साधना करते थे। श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने पर यहां घंटा व झंडा भेंट चढ़ाते हैं। फिल्म हनुमान अंश देखने के बाद धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई है।
मंगलवार और शनिवार को भारी भीड़
आगरा, गाजियाबाद सहित आसपास के विभिन्न जनपदों के श्रद्धालु स्वजन सहित यहां दर्शन-पूजन करने आ रहे हैं। मंगलवार व शनिवार को भीड़ इतनी अधिक होती है कि व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को लाइन लगवाकर दर्शन-पूजन के लिए भेजना पड़ता है। मंदिर के सामने सड़क के दोनों ओर फूल माला, फोटो, फास्ट फूड व फल की ठेलियां लगने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि चौकी इंचार्ज व पुलिस फोर्स लगाकर मंगलवार व शनिवार को मंदिर के सामने लगने वाली दुकानें हटवाई जाएंगी। जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- Kanpur Nagar Nigam: जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए नई फीस लागू, 21 दिन बाद बढ़ेगा शुल्क; एक साल बाद 10 गुना भुगतान
यह भी पढ़ें- Railway Update News: लखनऊ स्टेशन पर ब्लॉक, कानपुर की कई ट्रेनें 27 दिन तक रहेंगी प्रभावित, यहां देखें पूरी सूची
