फर्रुखाबाद में रामलीला देखने निकले युवक का दूसरे गांव में मिला शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
रामलीला देखने गए युवक दीपक का शव घर से 4 किलोमीटर दूर सरवर आलमपुर में एक खाली प्लाट में मिला। ...और पढ़ें

HighLights
रामलीला देखने गए युवक का शव मिला।
घर से 4 किलोमीटर दूर प्लाट में शव।
पुलिस को प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका।
संवाद सूत्र, जागरण, जहानगंज। घर से रामलीला देखने के लिए निकले युवक का शव घर से 4 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में एक खाली पड़े प्लाट में पड़ा मिला। पुलिस पहुंची उसके कुछ ही देर में स्वजन भी मौके पर आ गए। अपर पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। स्वजन ने कहा कि युवक की हत्या की गई है। घटना प्रेम प्रसंग में होने की आशंका जताई है।
ग्राम पंचायत झंसी के मजरा नगला चाहर निवासी नंदराम राजपूत के 22 वर्षीय पुत्र दीपक का शव गुरुवार सुबह गांव से चार किलोमीटर दूर स्थित सरवर आलमपुर में सुभाष चंद्र के खाली पड़े प्लाट में पड़ा था। इसी गांव के कुलदीप शाक्य ने युवक का शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी।
इस पर राजपूताना चौकी प्रभारी जसवीर सिंह, थानाध्यक्ष ब्रजमोहन पाल मौके पर पहुंचे। मामला हत्या का होने के कारण अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने भी घटना का जायजा लिया। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए नमूने संकलित किए। दीपक के मुंह से झाग निकल रहा था। उसके गले में भी चोटों के निशान पाए गए।
मृतक के भाई जबर सिंह, घनश्याम व चाचा वीरभान ने बताया कि दीपक गांव में हो रही रामलीला को देखने के लिए गया था। इतनी दूर कैसे पहुंचा, किसी को कोई जानकारी नहीं है। परिवार के अन्य लोग मैनपुरी में एक रिश्तेदारी में नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि दीपक के पिता की मौत 13 साल पहले हो चुकी है तथा दीपक अभी अविवाहित है। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मान रही है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में पटरी से उतरी चौरी चौरा एक्सप्रेस 58 मिनट देरी से पहुंची गोरखपुर, अभी रास्ते में फंसी स्पेशल
मृतक के भाई जबर सिंह ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने बताया कि युवक के कपड़ों में गेरू आदि लगा है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि दीपक का कहीं इसका विवाद हुआ है। इसके बाद इसकी मौत हुई है। फिलहाल हत्या का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।