संपत्ति के लिए खूनी खेल, फर्रुखाबाद में चचेरे नाबालिग पौत्र ने हंसिया से दादी को मार डाला
फर्रुखाबाद के नवाबगंज में एक नाबालिग पौत्र ने संपत्ति विवाद के चलते अपनी चचेरी दादी की हंसिया से हत्या कर ...और पढ़ें

लक्ष्मी की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते सीओ आलोक कुमार सिंह व थाना प्रभारी राजीव कुमार। जागरण
HighLights
नाबालिग पौत्र ने संपत्ति विवाद में चचेरी दादी की हत्या की।
मृतका द्वारा भतीजी गोद लेने से जमीन जाने का डर था।
हमले में दादी-बहन घायल, पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया।
संवाद सूत्र, नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। भतीजी को गोद लेने पर नि:संतान महिला को संपत्ति न मिलने की शंका पर गुस्साए पारिवारिक पौत्र लगने वाले किशोर ने घर में घुसकर हंसिया से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
बीचबचाव करने आई किशोर ने अपनी दादी और बहन पर भी हंसिया से प्रहार कर घायल कर रस्सी से बांध दिया। भाई के घर में चीखपुकार सुनकर मुहल्ले में बैठे हत्यारोपित किशोर के बाबा ने घर का दरवाजा बंद कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपित किशोर को मौके से ही हंसिया समेत हिरासत में ले लिया।
बवना तिराहे पर जगमोहन शर्मा और उनके भाई रामरतन शर्मा मकान बनाकर रह रहे हैं। जगमोहन शर्मा की 55 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी के कोई संतान न होने के कारण उन्होंने अपने भाई मऊदरवाजा के गांव नगला कलार निवासी सुआलाल शर्मा की पुत्री शिल्पी को गोद ले लिया है।
जगमोहन के भाई रामरतन के इकलौते पुत्र संजीव के 17 वर्षीय इकलौते पुत्र को लगा कि जगमोहन शर्मा के नाम 14 बीघे जमीन उसके हाथ से चली जाएगी। इससे वह लक्ष्मी देवी से रंजिश मान रहा था। बुधवार को जगमोहन शर्मा अपनी दत्तक पुत्री शिल्पी के साथ दवा लेने के लिए मैनपुरी चले गए।
दोपहर करीब 12 बजे संजीव का पुत्र चचेरी दादी लक्ष्मी देवी के घर में घुस गया और हंसिया से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। चीख पुकार सुनकर आरोपित किशोर की दादी मिथलेश बचाने दौड़ीं तो वह उन पर हमलावर हो गया।
उसने अपनी दादी मिथलेश व 12 वर्षीय बहन मानवी को घायल कर दोनों को रस्सी से बांध दिया। हलचल होने पर बाहर परचून के खोखे पर बैठे मिथलेश के पति रामरतन शर्मा घर के अंदर पहुंचे तो उन्होंने खून फैला देखा तो वह दंग रह गए।
उन्होंने आरोपित को कमरे में बंद कर दिया। दोनों को रस्सी से खोलकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपित किशोर को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने जांच की।
फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने घटनास्थल पर पड़े हंसिया को कब्जे में ले लिया। दोपहर करीब दो बजे मृतका के पति जगमोहन शर्मा, दत्तक पुत्री शिल्पी को दवा दिलाकर घर पहुंचे तो वह बिलखने लगे।
क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि संपत्ति के लिए पौत्र ने पारिवारिक दादी की हत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में ट्रांसगंगा सिटी पुल के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू, 2 गांव में सौ से अधिक किसानों की भूमि का सर्वे पूरा
