विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्रुखाबाद में बरेली हाईवे पर लोडर में घुसी बरातियों से भरी कार, सैनिक की मौत, नौ घायल

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:06 PM (IST)

फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर बरातियों से भरी एक कार लोडर से टकरा गई, जिसमें एक सैनिक विश्वनाथ पाल की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. फर्रुखाबाद में बरातियों की कार लोडर से टकराई।

  2. हादसे में एक सैनिक विश्वनाथ पाल की मौत हुई।

  3. नौ लोग घायल, एक गंभीर हायर सेंटर रेफर।

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। भाई की बरात में जा रही सैनिक की कार ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे लोडर से जा भिड़ी। इसमें एक सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूल्हे का बड़ा भाई सैनिक समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वैवाहिक खुशियों की जगह चीखपुकार मच गई। घायलों को पुलिस ने डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा सोमवार रात करीब नौ बजे इटावा बरेली हाईवे पर हुआ।

कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया निवासी प्रदीप पाल की बरात जनपद हरदोई थाना पाली क्षेत्र के गांव हसनापुर जा रही थी। एक्सयूवी कार से प्रदीप के बड़े भाई सैनिक रितिक पाल, सतेंद्र, सोनू, शिवा पाल, कोमल, पप्पू, शनी और परिवार के ही भाई सैनिक 36 वर्षीय विश्वनाथ पाल, औरैया के कस्बा बिधूना निवासी हृदेश जा रहे थे।

इटावा बरेली हाईवे पर गांव महमदपुर गढ़िया के पास सोमवार रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करने के दौरान बेकाबू कार आगे चल रहे लोडर में जा घुसी। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थानाध्यक्ष अजब सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को कार से बाहर निकाला।


घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी राजेपुर व डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। लोहिया अस्पताल में सैनिक विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर सतेंद्र को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

स्वजन ने बताया कि विश्वनाथ के परिवार में पत्नी पूजा व एक पुत्री है। वह एक माह के अवकाश पर 26 अक्टूबर को गांव आए थे। उनकी हिमाचल प्रदेश में चालक के पद पर तैनाती है। घटना से परिवार में चीख पुकार मच गयी। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि लोडर चालक भी घायल हुआ, लेकिन वह उन्हें नहीं मिला। वाहनों को हाईवे से हटवा दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।