यूट्यूबर अश्वी यादव पर 5 करोड़ की रंगदारी और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप, इटावा में मुकदमा दर्ज
यूट्यूबर अश्वी यादव समेत सात लोगों पर निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर 1.75 करोड़ रुपये वसूलने और 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज हुआ है।

HighLights
यूट्यूबर अश्वी यादव समेत सात पर रंगदारी का केस।
निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर वसूली।
भरथना थाने में एसीजेएम के आदेश पर मुकदमा।
जागरण संवाददाता, इटावा। यूट्यूबर अश्वी उर्फ शिवांगी यादव समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों पर निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर 1.75 करोड़ रुपये वसूलने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने में एसीजेएम प्रथम के आदेश पर भरथना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।
यह है पूरा मामला
जसवंतनगर के गुलाबबाड़ी निवासी आशुतोष उर्फ टोनू यादव ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि अश्वी यादव उर्फ शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन और अभिषेक यादव ने निजी फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर अप्रैल 2024 से मई 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों और नकद माध्यम से करीब 1 करोड़ 75 लाख 68 हजार 683 रुपये लिए।
आरोप है कि 15 नवंबर 2025 को 58 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। इसके बाद अभिषेक यादव ने 50 लाख रुपये और मांगे। मांग पूरी न करने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, तीन सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे भरथना क्षेत्र में झिंदुआ पुल के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार दो नकाबपोश लोगों ने उनकी कार रोककर पांच करोड़ रुपये की मांग की और धमकी दी। पीड़ित ने 112 पर पुलिस सहायता लेने का प्रयास किया तो आरोपित मौके से भाग गए।
पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देने के बाद न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जाएगी।
फायरिंग के मुकदमे में बाल अपचारी गिरफ्तार
यूट्यूबर अश्वी यादव की तरफ से थाना फ्रेंड्स कालोनी में जिला पंचायत सदस्य सोनू यादव एवं उनके भाई टोनू यादव समेत पांच लोगों पर दर्ज कराए गए घर में घुसकर धमकी देने, मारपीट एवं फायरिंग के मुकदमे में थाना फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने मंगलवार को एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पकड़ा गया आरोपित थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर का रहने वाला हैं। इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रही फायरिंग की वीडियाे के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें- 'गुंडे भेजकर किया किडनैप, बेडरूम से घसीटते हुए ले गई पुलिस'; नए वीडियो में यूट्यूबर ध्रुव राठी का दावा
यह भी पढ़ें- यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम पुलिस ने छोड़ा, जंतर-मंतर जाने पर कार्रवाई की दी गई चेतावनी
