विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गुंडे भेजकर किया किडनैप, बेडरूम से घसीटते हुए ले गई पुलिस'; नए वीडियो में यूट्यूबर ध्रुव राठी का दावा

Published: Sun, 11 Oct 2026 12:42 PM (IST)

यूट्यूबर ध्रुव राठी ने पुलिस हिरासत से रिहाई के बाद एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार नहीं, बल्कि सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों ने किडनैप किया था।

HighLights

  1. ध्रुव राठी ने पुलिस हिरासत को किडनैपिंग बताया।

  2. सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने घर से उठाया, आरोप।

  3. 20 घंटे अवैध हिरासत, परिवार से मारपीट का दावा।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पुलिस हिरासत से छोड़े जाने के बाद यूट्यूबर ध्रुव राठी ने रविवार दोपहर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार नहीं, बल्कि किडनैप किया गया था। उनके घर पर सादी वर्दी में पुलिस के गुंडे आए थे।

ध्रुव राठी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने बेडरूम में सो रहे थे, तभी 20 से ज्यादा लोग सादी वर्दी में उनके घर पहुंचे। दरवाजा उनकी मां ने खोला। आरोप है कि मां को धक्का देकर सभी लोग घर के अंदर और सीधे उनके बेडरूम में घुस आए। उसी दौरान उनकी आंख खुली।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया और घसीटते हुए बाहर ले गए, जिससे उन्हें खरोंचें आईं। उन्हें चप्पल तक नहीं पहनने दी गईं। ध्रुव राठी का कहना है कि पुलिस ने न तो हिरासत में लेने का कारण बताया और न ही कोई नोटिस दिखाया।

वीडियो में उन्होंने अपना भारतीय पासपोर्ट दिखाते हुए कहा कि उनके पास भारत की नागरिकता है और वह प्रदर्शन कर सकते हैं, अपनी आवाज उठा सकते हैं, इसके बावजूद उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया।

ध्रुव राठी ने कहा कि करीब 20 घंटे तक उन्हें थाने में बिठाया गया। इस दौरान न तो फोन इस्तेमाल करने दिया गया और न ही वकील से बात करने दी गई। सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों ने उनके परिवार के सदस्यों से मारपीट तक की।

उन्होंने कहा कि ऐसा नॉर्थ कोरिया जैसे देशों में होता है और यह एक तरह से अघोषित इमरजेंसी है। वहीं इस मामले में गुरुग्राम पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।