इटावा में आयोजित स्टेट लेवल जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में आए 300 पहलवान, दिखाए दांव-पेच
इटावा के अंतरराष्ट्रीय इनडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग ...और पढ़ें

इंडोर स्टेडियम में पहलवानों की कुश्ती शुरू करते सफारी पार्क के निदेशक अनिल कुमार पटेल
HighLights
इटावा में प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ।
57 किलोग्राम वर्ग में शुभम, धर्मेंद्र, सुमंत सेमीफाइनल में पहुंचे।
प्रतियोगिता में 300 खिलाड़ी और 22 टीमें ले रहीं हिस्सा।
संवाद सहयोगी, इटावा। अंतरराष्ट्रीय इनडोर स्टेडियम में शनिवार को प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में देवीपाटन के शुभम यादव, प्रयागराज के धर्मेंद्र कुमार और अयोध्या के सुमंत यादव ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
61 किलोग्राम वर्ग में वाराणसी के रोशन लाल यादव ने बरेली के वरुण सिंह को, जबकि अलीगढ़ के दुष्यंत ने प्रयागराज के पंकज यादव को हराया। आगरा के रजत ने भी मुकाबला जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों और हास्टलों से करीब 300 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। वाराणसी, देवीपाटन, अलीगढ़, मेरठ, आगरा, आजमगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, मिर्जापुर, बरेली और प्रयागराज समेत विभिन्न मंडलों की 22 टीमें प्रतियोगिता में शामिल हैं। आयोजन खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय की ओर से किया जा रहा है।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान बच्चे लाल यादव हुए सम्मानित
मुख्य अतिथि इटावा लायन सफारी के निदेशक अनिल कुमार पटेल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर प्रयास है। एक मुकाबले में हार भी खिलाड़ी को अपनी कमियों से सीखने और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर देती है।
क्रीड़ा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सर्वेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आए पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए यह अच्छा मंच मिला है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का आभार जताया।
शुभारंभ अवसर पर ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी व प्रशिक्षक एमपी सिंह, उप क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार, कुश्ती प्रशिक्षक कमलेश कुमार यादव, डॉ. मो. जियाउर्रहमान, सिद्धार्थ कृष्णा, रामेश्वर, मीतू सिंह, शाकिब खान, कुसुम कुमारी गंगवार, राम सुशील, रामकुमार पुष्पकर, इंद्र कुमार, लाल सिंह, रागिनी यादव और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान बच्चे लाल यादव को भी सम्मानित किया गया।
