विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में अब मरीज को सही अस्पताल पहुंचाएगा ई-सारथी पोर्टल, सैफई में हुई शुरुआत

Published: Tue, 17 Nov 2026 12:43 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में गंभीर मरीजों के लिए ई-सारथी डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली शुरू की गई है, जिसका पहला कमांड सेंटर उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में स्थापित हुआ है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. यूपी में ई-सारथी डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली शुरू हुई।

  2. पहला कमांड सेंटर सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में स्थापित।

  3. 11 चिकित्सा संस्थान पहले चरण में प्रणाली से जुड़े।

वीपी सिंह यादव, इटावा। गंभीर मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने और अस्पतालों के बीच रेफरल प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रदेश में शुरू की गई डिजिटल व्यवस्था का पहला केंद्र उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय बन गया है।

शासन की ई-सारथी डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली के तहत विश्वविद्यालय में 24 घंटे सक्रिय कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजने से लेकर उनके सुरक्षित स्थानांतरण तक की निगरानी होगी। प्रथम चरण में तीन मेडिकल कॉलेजों और आठ जिला एवं संयुक्त चिकित्सालयों समेत 11 चिकित्सा संस्थानों को इससे जोड़ा गया है। सोमवार से इसकी शुरूआत हो गई।

आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में इटावा-मैनपुरी सहित आसपास के आठ से दस जनपदों के मरीज उपचार के लिए आते हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों को भी यहां लाया जाता है। ऐसे मरीजों को विशेष उपचार के लिए दूसरे चिकित्सा संस्थान में भेजने की जरूरत पड़ने पर ई-सारथी पोर्टल उपयोगी होगा। इसके माध्यम से रेफरल से पहले संबंधित अस्पताल में बेड, विशेषज्ञ चिकित्सक और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता ऑनलाइन देखी जा सकेगी।

पोर्टल से जुड़े अस्पतालों को प्रत्येक दो घंटे में बेड और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति अपडेट करनी होगी। मरीज को भेजने और प्राप्त करने वाले अस्पतालों के चिकित्सक आपस में परामर्श कर उसकी बीमारी और उपचार की जरूरत के संबंध में जानकारी साझा करेंगे। एंबुलेंस रवाना होने के बाद उसकी जीपीएस लोकेशन भी ट्रैक की जा सकेगी। सामान्य और आपातकालीन दोनों तरह के मरीजों को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।

प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई, राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय औरैया के साथ इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद और शिकोहाबाद के संबंधित जिला एवं संयुक्त चिकित्सालय शामिल हैं। सभी संस्थानों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। विश्वविद्यालय में इस व्यवस्था के नोडल अधिकारी आदित्यनाथ को नामित किया गया है।

पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए 18 नवंबर को सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विभिन्न जनपदों से करीब 50 चिकित्सक शामिल होंगे। उन्हें पोर्टल के संचालन, रेफरल प्रक्रिया और अस्पतालों के बीच समन्वय का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने बताया कि ई-सारथी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आपस में जोड़ने और मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार उचित चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।विश्वविद्यालय में कमांड सेंटर और प्रशिक्षण के माध्यम से व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- इटावा SSP ने पुलिस विभाग में किया बड़ा फेरबदल, पांच SHO समेत 49 SI का बदला कार्यक्षेत्र

क्या है ई-सारथी व्यवस्था

  • मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी।
  • चिकित्सक मरीज की बीमारी और जरूरत के अनुसार रेफरल करेंगे।
  • पोर्टल पर दूसरे अस्पताल में बेड और विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता देखी जाएगी।
  • संबंधित अस्पताल हर दो घंटे में अपनी सुविधाओं की जानकारी अपडेट करेंगे।
  • दोनों अस्पतालों के चिकित्सक मरीज के उपचार और दवाओं पर परामर्श करेंगे।
  • एंबुलेंस की जीपीएस लोकेशन ट्रैक होगी।
  • सैफई स्थित कमांड सेंटर से रेफरल और मरीज के स्थानांतरण की निगरानी होगी।

प्रमुख तथ्य

  • प्रथम चरण में 11 चिकित्सा संस्थान
  • 24 घंटे सक्रिय कमांड सेंटर
  • 18 नवंबर को करीब 50 चिकित्सकों का प्रशिक्षण
  • बेड की उपलब्धता हर दो घंटे में अपडेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।