विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में प्रेम प्रसंग में घर से भागे प्रेमी युगल ने चलती ट्रेन से कूदकर दी थी जान, दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मिला था शव

Published: Sat, 25 Jul 2026 11:32 PM (IST)

इटावा में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक प्रेमी युगल ने चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली। वे हरियाणा से ...और पढ़ें

करन और शिवानी की फाइल फोटो। स्वजन

करन और शिवानी की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. प्रेमी युगल ने इटावा में चलती ट्रेन से कूदकर जान दी।

  2. परिवार हरियाणा से उन्हें वापस मीरजापुर ला रहा था।

  3. शर्म और डर के कारण दोनों ने आत्महत्या की।

जागरण संवाददाता, इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह मिले युवक व युवती के शव प्रेमी युगल के थे। दोनों बीती आठ जुलाई को घर से भागकर हरियाणा में रह रहे थे। स्वजन गुरुवार को उन्हें वापस लेकर ट्रेन से लौट रहे थे। रास्ते में स्वजन के सो जाने पर शर्मसार व डर के कारण पहले युवती और फिर युवक ने चलती ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को मीरजापुर से इटावा आए स्वजन ने दोनों की पहचान की।

मीरजापुर के जिगना थानाक्षेत्र के गांव असवा निवासी 18 वर्षीय शिवानी जाटव और पड़ोसी 22 वर्षीय करन निषाद के बीच प्रेम संबंध थे। युवती के पिता शेषमणि जाटव ने बताया कि बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी उन्होंने आठ जुलाई को थाने में दर्ज कराई थी।

उन्हें बेटी की लोकेशन हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में गांव के पड़ोसी करन के साथ मिली। इस पर वह पत्नी जयदेवी एवं लड़के की मां शीला देवी और जीजा विजय निषाद के साथ बुधवार को दोनों को वापस लेने रेवाड़ी पहुंचे थे। वहां बातचीत कर उन्हें घर वापस लेकर आ रहे थे।

गुरुवार शाम को सभी लोग दिल्ली से प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे। रात करीब एक बजे तक वह सभी लोग जाग रहे थे। इसके बाद रात दो से ढाई बजे के बीच यह घटना हुई। ट्रेन जब कानपुर पहुंची तो कोच में सफर कर रहे अन्य यात्रियों ने जानकारी दी कि पहले शिवानी चलती ट्रेन से कूद गई और उसके पीछे करन भी कूद गया।

इसके बाद स्वजन ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी, जहां घटना का पूरा विवरण दर्ज किया गया। करन की मां शीला देवी व उसके जीजा विजय निषाद भी ट्रेन में थे। वहीं, बेटी की मौत की जानकारी मिलने के बाद शिवानी की मां जयदेवी फफक कर रो पड़ीं। करन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।

शिवानी दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। दोनों ही परिवार मजदूर वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटनाक्रम और स्वजन के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।