सैफई में शिवपाल यादव ने 2027 चुनाव को कहा आजादी की लड़ाई, कार्यकर्ताओं को गलत बयानों से बचने की दी हिदायत
शिवपाल सिंह यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को धमकी और गलत बयानबाजी से बचने की हिदायत दी, अनुशासन बनाए रखने और सभी वर्गों का सम्मान करने पर जोर दिया।

HighLights
कार्यकर्ताओं को धमकी और गलत बयानबाजी से बचने की हिदायत।
2027 विधानसभा चुनाव को 'करो या मरो' की लड़ाई बताया।
मतदाता सूची में छूटे नाम जुड़वाने पर विशेष जोर दिया।
संवाद सहयोगी, सैफई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी देने या चुनाव के बाद देख लेने जैसी बात न कहे। भाजपा के लोग इस तरह का षड्यंत्र रचकर समाजवादी पार्टी को बदनाम कर सकते हैं। उन्होंने जिला अध्यक्षों को ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने को कहा।
सैफई स्थित सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता जनता के बीच विनम्रता और अच्छी भाषा में अपनी बात रखें। हर वर्ग के लोगों को सम्मान देना समाजवादी पार्टी की पहचान है। कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार और भाषा का ध्यान रखना होगा, जिससे विरोधियों को पार्टी के खिलाफ प्रचार करने का मौका न मिले।
उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को समाजवादी पार्टी के लिए करो या मरो की लड़ाई बताते हुए कहा कि जिस तरह आजादी की लड़ाई लड़ी गई थी, उसी जज्बे के साथ इस चुनाव में सभी को जुटना होगा। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहें। किसी के भरोसे नहीं रहना है, बल्कि पूरी ताकत से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अभी भी कुछ लोगों के नाम शामिल नहीं हो पाए हैं। 12 तारीख से छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अभियान शुरू होगा। कार्यकर्ता फॉर्म छह भरवाकर सभी छूटे वोट जुड़वाएं। यदि मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ पाए तो चुनाव की लड़ाई अधूरी रह जाएगी। इसे चुनाव की तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण काम बताते हुए उन्होंने पूरी गंभीरता से अभियान चलाने को कहा।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार से किसान, गरीब, नौजवान और व्यापारी समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। इन सभी वर्गों को साथ लेकर चलना होगा। कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर उनका विश्वास जीतें और पूरी मजबूती से आगामी चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।