आजम खान की गिरफ्तारी पर शिवपाल यादव का हमला, बोले- जमानत पर बाहर आते ही सरकार के इशारे पर ED ने हिरासत में लिया
शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर एमएलसी चुनावों में बेईमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव होते ...और पढ़ें
-1793538874866_m.webp)
HighLights
शिवपाल ने भाजपा पर एमएलसी चुनाव में बेईमानी का आरोप लगाया।
आजम खान की गिरफ्तारी को सरकार के इशारे पर हुई कार्रवाई बताया।
सपा-कांग्रेस गठबंधन से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य।
संवाद सहयोगी, जसवंतनगर(इटावा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव निष्पक्ष होते तो सपा सभी 11 सीटें जीतती।चुनाव में शासन-प्रशासन ने सरकार के इशारे पर काम किया।
उन्होंने गोरखपुर और मेरठ में बेईमानी से प्रत्याशियों को जिताने का आरोप लगाया। आगरा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां सपा प्रत्याशी को हराने के लिए कई प्रयास किए गए, जिसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं को संघर्ष करना पड़ा। वे मैदानी रामलीला मैदान में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शामिल होने के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे।
आजम खान की गिरफ्तारी पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की आलोचना की। शिवपाल ने कहा कि आजम खान झूठे मुकदमों में जेल में बंद थे और जमानत पर बाहर आते ही ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने इसे सरकार के इशारे पर की गई कार्रवाई बताया।
आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में शिवपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को हटाकर सपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उनके मुताबिक, महंगाई और भ्रष्टाचार से हर वर्ग परेशान है। बेरोजगार नौजवान, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, पुरुष और छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान की भावना के अनुरूप काम नहीं कर रही और शासन-प्रशासन उसकी मनमानी में सहयोग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सपा की सरकार बनवाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। सपा सरकार बनने पर हर वर्ग के हित में काम किया जाएगा। कांग्रेस के साथ गठबंधन पर उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बरकरार रहेगा। सीटों के बंटवारे का फैसला दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष आपसी बातचीत से करेंगे।
कवि सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान शिवपाल ने देश के मौजूदा हालात और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया जा रहा है। ऐसे समय में कवियों और साहित्यकारों ने अपनी कलम से विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने जनता से ऐसी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने और उसे सत्ता से हटाने के लिए आगे आने की अपील की।
सपा के वरिष्ठ नेता डाक्टर बृजेश चंद्र यादव, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि ठा. अजेंद्र सिंह गौर, विश्वनाथ प्रताप सिंह, सोनू यादव, सांसद प्रतिनिधि हाजी मो. शमीम, सुभाष गुप्ता, हाजी मो. अहसान, गोपाल गुप्ता, डाक्टर प्रमोद यादव और मो. जहीर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।