शिक्षक-स्नातक चुनाव में सपा की जीत का दावा, प्रो. रामगोपाल बोले- 2027 के चुनाव से इसका संबंध नहीं
प्रो. रामगोपाल यादव ने विधान परिषद शिक्षक-स्नातक चुनाव में सपा प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने औरैया में मतदान ...और पढ़ें

मतदान के बाद निशान दिखाते सपा प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो- रामगोपाल यादव। जागरण
HighLights
प्रो. रामगोपाल यादव ने सपा प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
औरैया में मतदान गड़बड़ी पर चुनाव आयोग से बात की।
मतदाता सूची त्रुटियों पर मतदाताओं को सतर्क रहने को कहा।
संवाद सहयोगी, जागरण, सैफई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। शुक्रवार को सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद और आगरा में सपा की स्थिति मजबूत है। उन्होंने औरैया में मतदान के दौरान गड़बड़ी की सूचना मिलने पर चुनाव आयोग और पुलिस अधीक्षक से बात करने की जानकारी दी। वहीं, मतदाता सूची में त्रुटियों के लिए केवल प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय मतदाताओं को भी सतर्क रहने की बात कही।
प्रो. रामगोपाल यादव ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दोनों सीटों पर सपा के उम्मीदवार भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। मतदान केंद्र पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राजद नेता लालू प्रसाद यादव की समधन सैफई की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मृदुला यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद उन्होंने उंगली पर लगी हुई स्याही को भी दिखाया है। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर मतदाताओं को परेशान किए जाने और पुलिस कार्रवाई से जुड़े सवाल पर प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि औरैया में एक-दो स्थानों पर ऐसी सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने तत्काल चुनाव आयोग और जिले के पुलिस अधीक्षक से बात की थी। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसी अन्य स्थान से गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।
मतदाता सूची में गलत नाम दर्ज होने और अनियमितताओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़े के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। यदि मतदाता सूची में गलत नाम दर्ज हैं तो आपत्ति दर्ज कराने के समय मतदाताओं को भी सावधानी बरतनी चाहिए। हर बात के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। नागरिकों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें- पांच साल की बच्ची से दुष्कर्मी दोषी को उम्रकैद, इटावा में कोर्ट ने एक लाख का जुर्माना भी लगाया
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षक-स्नातक निर्वाचन के राजनीतिक महत्व के सवाल पर प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि इस चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के नजरिये से देखना उचित नहीं है। उन्होंने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सपा प्रत्याशियों की जीत का दावा दोहराया।
