विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के कोच से धुआं निकलने से मचा हड़कंप, 30 मिनट तक रुकी ट्रेन

Published: Fri, 09 Oct 2026 04:33 PM (GMT+05:30)

हटिया से आनंद विहार जा रही झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के एसी बी-1 कोच से धुआं निकलने के बाद इटावा ...और पढ़ें

रामनगर फाटक के पास खड़ी झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस। जागरण

रामनगर फाटक के पास खड़ी झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस। जागरण 

HighLights

  1. झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के बी-1 कोच से धुआं निकला

  2. इटावा में रामनगर-मैनपुरी क्रॉसिंग के बीच ट्रेन रोकी गई

  3. अचानक ब्रेक लगाने से पहियों से धुआं निकलने की आशंका

जागरण संवाददाता, इटावा। हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग की अप लाइन पर हटिया से आनंद बिहार जा रही नान स्टाप गाड़ी संख्या 12873 हटिया-झारखंड स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस को शुक्रवार सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर रामनगर फाटक और मैनपुरी फाटक के बीच धुआं निकलने की सूचना पर रोका गया।


धुआं एसी बी-1 कोच के पास से निकला था। गाड़ी के सेक्शन में फंसने की सूचना पर स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, यांत्रिकी विभाग सहित आरपीएफ-जीआरपी के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा के मददेनजर ओएचई यानि ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन को कटवाया गया। टीम के पहुंचने से पहले ट्रेन से धुंआ निकलना बंद हो गया था। इस दौरान करीब 30 मिनट तक ट्रेन अप लाइन पर खड़ी रही।

ट्रेन के ड्राइवर व गार्ड समेत अधिकारियों ने ट्रेन की जांच पड़ताल के बाद करीब 9 बजकर 42 मिनट पर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन कानपुर से छूटने के बाद अलीगढ़ जा रही थी, इटावा जंक्शन स्टेशन से पास होने के बाद इसी दौरान ट्रेन के कोच संख्या बी-1 से यात्रियों ने धुंआ उठने की शिकायत दर्ज कराई।

ट्रेन को आनन-फानन में 9 बजकर 13 मिनट पर रामनगर फाटक और मैनपुरी रेलवे क्रासिंग के बीच स्टार्टर के पास रोका गया। कोच में धुंआ निकलने से यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।


जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज अमित कुमार के मुताबिक अप लाइन पर इटावा में पहले से 30 किलोमीटर प्रति घंटे का कासन लगा था। ट्रेन का स्टापेज कानपुर से अलीगढ़ होने के चलते आशंका है कि नान स्टाप ट्रेन को ड्राइवर स्पीड में लेकर जा रहा था। कासन की जानकारी होने पर ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लेकर गाड़ी को रोका। जिससे पहिए से धुंआ उठने की संभावना लग रही है।

ट्रेन की जांच में सबकुछ सामान्य मिला। हालांकि ट्रेन के 30 मिनट तक मुख्य लाइन पर फंसे रहने के कारण पीछे आ रही गोमती एक्सप्रेस को इटावा व अलीगढ़ मेमू को इकदिल के पास रोका गया।दोनों ट्रेनें करीब आधा घंटे अतिरिक्त रुकी रही।