कभी डकैतों का था खौफ, अब तेंदुओं और लकड़बग्घों का बढ़ रहा कुनबा; चंबल घाटी में 100 के करीब पहुंची इनकी संख्या
चंबल घाटी, जो कभी डकैतों के लिए जानी जाती थी, अब वन्यजीवों का घर बन रही है, जहाँ तेंदुओं और ...और पढ़ें

भरेह से चकरपुरा मार्ग पर दिन में विचरण करता लकड़बग्घा। जागरण आर्काइब
HighLights
चंबल घाटी में तेंदुओं और लकड़बग्घों की संख्या बढ़ी।
प्रत्येक प्रजाति की संख्या लगभग 100 के करीब पहुँची।
लकड़बग्घे पारिस्थितिक संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देशराज यादव, चकरनगर (इटावा)। चंबल घाटी, जो कभी डकैतों के लिए पहचानी जाती थी, अब वन्यजीवों की मौजूदगी से नई पहचान बना रही है। यहां पहले से करीब 100 तेंदुए हैं और लकड़बग्घों की संख्या भी 100 के आसपास पहुंच गई है। चंबल सैंक्चुअरी विभाग इसे क्षेत्र के पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के लिए शुभ संकेत मानता है।
19 अक्टूबर को चकरपुरा निवासी विष्णु सेंगर ने सुबह भरेह गांव के पास भारेश्वर मंदिर के नीचे मुख्य सड़क पार करते एक लकड़बग्घे को देखा। उसके मुंह में शिकार था। सेंगर ने उसे कैमरे में कैद कर लिया।
भरेह-चकरपुरा और अमदापुर ही नहीं, इमलिया, पहलन, हरौली बहादुरपुर, कांयछी, छिवरौली, गौहानी, खिरीटी, रनिया, जगतौली, फूटाताल, नगला पिलुआ, डिभौली, सहसों, नदा, मिटहटी, चंद्रहंसपुरा, सोनेपुरा, विंडवा कला, बिठौली अनैठा, शेरगढ़ कचहरी और चौरैला समेत सैंक्चुअरी के 90 किमी के क्षेत्र में कई गांवों के आसपास लकड़बग्घे अक्सर दिखाई देते हैं।
आम बोलचाल में इसे जरख या धारीदार लकड़बग्घा कहा जाता है। देश में प्राकृतिक रूप से इसी प्रजाति का लकड़बग्घा पाया जाता है। यह मुख्य रूप से मरे हुए जानवरों का मांस खाता है और जंगल को साफ रखने के साथ पर्यावरण संतुलन में मदद करता है। सामान्य तौर पर यह मनुष्यों से दूर रहता है और उन्हें देखकर किनारा कर जाता है। पारिस्थितिक संतुलन के लिए यह कमजोर, बीमार या बूढ़े शाकाहारी जानवरों का शिकार भी करता है।
चंबल सैंक्चुअरी विभाग के अनुसार, पूरी चंबल घाटी में लकड़बग्घों की संख्या करीब 100 हो सकती है। बीहड़ के वन क्षेत्र में इनकी संख्या तेजी से बढ़ी है। मध्यप्रदेश और राजस्थान के जंगलों से वन्यजीव यहां पहुंच रहे हैं और क्षेत्र में इनका कुनबा बढ़ रहा है। विभाग इसे बड़ी सफलता मानता है।
चंबल सैंक्चुअरी रेंजर कोटेश त्यागी ने बताया कि 90 किमी का क्षेत्र बड़ा है, इसलिए लकड़बग्घों की संख्या 100 के आसपास हो सकती है। विभाग इन्हें पूरा संरक्षण दे रहा है और इनकी देखरेख की जा रही है।
प्राकृतिक सफाईकर्मी
पर्यावरणविद डा. राजीव चौहान का कहना है कि लकड़बग्घे मरे हुए जानवरों का सड़ा-गला मांस खाते हैं, जिससे जंगल में बीमारियां फैलने की आशंका घटती है और पर्यावरण साफ रहता है। मजबूत पाचन तंत्र के कारण वे हड्डियां, खुर और सींग भी पचा सकते हैं। इससे जंगल में इनके अवशेष जमा नहीं होते। कमजोर, बीमार या बूढ़े शाकाहारी जानवरों का शिकार कर वे उनकी आबादी नियंत्रित करने में भी भूमिका निभाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।