इटावा में मासूम को गोद में बैठाकर हाफिज ने किया बैड टच, परिवार पर समझौते का दबाव
इटावा के ताखा में एक मस्जिद के हाफिज पर नौ वर्षीय बालिका से अश्लील हरकत का आरोप लगा है, जिसमें परिवार पर समझौते का दबाव बनाया गया। इसी बीच, चौबिया क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला भी सामने आया है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

HighLights
ताखा में हाफिज पर नौ वर्षीय बालिका से अश्लील हरकत का आरोप।
परिवार पर समझौते का दबाव बनाया गया, पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठे।
चौबिया में युवती से छेड़छाड़ व मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
संवाद सहयोगी, ताखा (इटावा)। क्षेत्र के एक गांव की मस्जिद में तालीम देने वाले शाहजहांपुर निवासी हाफिज पर नौ वर्षीय बालिका के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे की बताई गई है। बालिका तालीम लेने गई थी। आरोप है कि हाफिज ने उसे गोद में बैठाकर गलत तरीके से छुआ।
हाफिज की इस गलत हरकत को घर लौटकर बालिका ने मां को बताई। पिता ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद स्वजन मस्जिद पहुंचे, जहां कमेटी के कुछ लोग भी मौजूद थे। बालिका की मां का आरोप है कि कमेटी के चार लोगों ने बदनामी का हवाला देकर परिवार पर समझौते का दबाव बनाया और जबरन राजीनामा करा दिया। मां ने कहा कि वह बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। पिता के अनुसार, समाज के लोगों के दबाव में समझौता करना पड़ा। वह इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से करेगी।
हाफिज ने आरोपों को गलत बताया है। मामले में कार्रवाई के बजाय राजीनामा कराने को लेकर पुलिस पर सवाल उठे। थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि बच्ची को गोद में बैठाने की बात गलत है। उनके अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था और दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया है। एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र ने बताया कि मामले में आपस में राजीनामा हो गया है। अगर कोई शिकायत होती है तो आगे कार्रवाई की जाएगी।
शौचालय गई युवती से छेड़छाड़, विरोध पर पीटा
चौबिया क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात शौच के लिए घर से बाहर गई युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। युवती के पिता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उनकी बेटी घर के बाहर बने शौचालय में गई थी। आरोप है कि इस दौरान गांव के एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ उसे सुनसान स्थान पर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। घर पहुंचकर युवती ने स्वजन को घटना बताई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि अजीत निवासी कल्यानपुर, विमलेश निवासी रमपुरा मूंज और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।