विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: नए मतदान केंद्र और मतदाता संख्या निर्धारित; 941 मतदान केंद्र और 1,391 मतदेय स्थल

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:33 PM (GMT+05:30)

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इटावा जिले में 941 मतदान केंद्र और 1,391 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. जिले में 941 मतदान केंद्र, 1391 मतदेय स्थल निर्धारित।

  2. कुल 10,63,926 मतदाता पंजीकृत, पुनरीक्षण अभियान जारी।

  3. पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर।

जागरण संवाददाता, इटावा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1,200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्समायोजन किया गया है। इसके बाद जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या निर्धारित कर दी गई है। जसवंतनगर में 338 मतदान केंद्र और 467 मतदेय स्थल, इटावा में 242 मतदान केंद्र और 442 मतदेय स्थल तथा भरथना (अजा) में 361 मतदान केंद्र और 482 मतदेय स्थल होंगे। जिले में कुल 941 मतदान केंद्र और 1,391 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

जसवंतनगर में 1,97,252 पुरुष, 1,61,276 महिला और 10 अन्य सहित कुल 3,58,538 मतदाता हैं। इटावा में 1,84,303 पुरुष, 1,57,340 महिला और 06 अन्य सहित कुल 3,41,649 मतदाता हैं। भरथना (अ0जा0) में 2,00,593 पुरुष, 1,63,142 महिला और 04 अन्य सहित कुल 3,63,739 मतदाता हैं। इस तरह जिले में 5,82,148 पुरुष, 4,81,758 महिला और 20 अन्य सहित कुल 10,63,926 मतदाता हैं।

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में वे युवा नागरिक पात्र होंगे, जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या उससे पहले कर चुके हैं। पात्र युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शत-प्रतिशत शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवा और पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे और पात्र मतदाताओं से फार्म-06, फार्म-07 तथा फार्म-08 प्राप्त करेंगे। जिन मतदाताओं के नाम पहले से सूची में दर्ज हैं और वे अपना नाम किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराना चाहते हैं, उन्हें फार्म-06 के बजाय केवल फार्म-8 भरना चाहिए। फार्म-6 से मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम दर्ज होने की संभावना रहती है, इसलिए स्थानांतरण के लिए फार्म-08 का ही इस्तेमाल किया जाए।

1391 बूथों पर बैठे रहे बीएलओ, सूची देखने पहुंचे गिने-चुने मतदाता

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार को जिले की तीनों विधानसभाओं के 1391 बूथों पर बूथ लेबल अधिकारी मतदाता सूची लेकर बैठे रहे। अधिकांश केंद्रों पर एक-दो लोग ही अपना नाम मतदाता सूची में देखने पहुंचे। बकेवर, लखना समेत ग्रामीण इलाकों के कई केंद्रों पर दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।

एसआरआर के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में कई मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और पुरानी सूची में दर्ज नामों में कोई खामी है, तो उसमें संशोधन करने के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान शुरू किया है। इस क्रम में मंगलवार को बूथों पर मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन किया गया।


इसके पहले जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के आलेख्य की प्रतियां सौंपीं। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने तथा नाम हटवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों से सूची का अवलोकन कर निर्धारित समय में सुझाव और आपत्तियां देने की अपील की। 18 नवंबर को सभी वार्डों और ग्राम समितियों में बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे।


भरथना: बीएलओ की मौजूदगी में मतदाताओं ने सूची में अपने नाम, परिवार के सदस्यों के नाम और अन्य दर्ज विवरणों का अवलोकन किया। भोली गांव के परिषदीय विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 15 पर भी मतदाता सूची देखने पहुंचे। पर्यवेक्षक आशुतोष यादव, बीएलओ कमला देवी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। बीएलओ ने मतदाताओं को विवरण जांचने के लिए सूची उपलब्ध कराई, ताकि त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों के एकीकृत आलेख्य का प्रकाशन 17 नवंबर को किया गया है। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। पुनरीक्षण का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का नियमानुसार निराकरण करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।