विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटावा में बहन की चल रही थी सगाई की तैयारी, जंगल में पेड़ से लटका था भाई का शव

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:34 PM (GMT+05:30)

चकरनगर के सोनेपुरा गांव में बेटी की सगाई की तैयारियों के बीच 16 वर्षीय बेटे सुमित का शव घर से ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सगाई की तैयारियों के बीच बेटे का शव मिला।

  2. 16 वर्षीय किशोर सुमित जंगल में फंदे से लटका।

  3. पुलिस जांच में आत्महत्या की आशंका, सगाई स्थगित।

संवाद सहयोगी, चकरनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के ग्राम सोनेपुरा में घर में बेटी की सगाई कार्यक्रम की तैयारियों के बीच 16 वर्षीय बेटे का शव घर से 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ पर फंदे से लटके मिलने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। घटना की जानकारी पर सहसों थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस किशोर की मौत को लेकर प्रथम दृष्टया घर में किसी बात की नाराजगी को लेकर आत्महत्या करने की आशंका जता रही है।

सहसों थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश सीमा से सटे गांव सोनेपुरा के रहने वाले माता प्रसाद दोहरे की बेटी प्रिया की सगाई होनी थी। सुबह से घर में तैयारियां शुरु हो गई थी और मेहमान भी जुटने लगे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे माता प्रसाद का 16 वर्षीय बेटा सुमित उर्फ छोटू बिना बताए घर से निकल गया। सुमित के घर से गैरहाजिर होने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरु की।

इसी बीच गांव के बाहर उखरैला मार्ग के पास जंगल में ग्रामीणों ने बाबूल के पेड़ पर सुमित का शव फंदे से लटका देखे जाने पर स्वजन को सूचना दी गई। बेटी की सगाई के दिन बेटे के फंदे से लटकने मिलने से परिवार में चीख पुकार मच गई। सगाई का कार्यक्रम छोड़कर स्वजन घटना स्थल पर पहुंच गए।

इधर प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक क्राइम अनुज अवस्थी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच पड़ताल के साथ साक्ष्य जुटाकर स्वजन से भी घटना की पूछताछ की। बेटे की मौत पर स्वजन ने किसी पर कोई शक नहीं जताया न ही घर में किसी तरह का विवाद न होने की बात कही।


चकरनगर सीओ अभय नारायण राय का कहना है कि सोनेपुरा में एक किशोर के जंगल में फंदा से लटकने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।

परिवार ने किसी से रंजिश न होने एवं झगड़ा व डांटने जैसी बात से भी इंकार किया है। इससे प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि किशोर ने किसी बात से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया है। बेटी की सगाई के बीच बेटे की मौत
होने से खुशियों के बीच पसरे मातम के कारण परिवार ने सगाई कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।