इटावा में जयमाला से पहले छलके दुल्हन के आंसू, बोली- 'किसी और से करती हूं प्यार'; फिर दूल्हे ने जो किया वो मिसाल बन गया
इटावा में जयमाला से ठीक पहले दुल्हन ने अपने प्रेमी के लिए शादी से इनकार कर दिया। दूल्हे ने समझदारी ...और पढ़ें

HighLights
जयमाला से पहले दुल्हन ने शादी से किया इनकार।
दूल्हे ने समझदारी दिखाते हुए रिश्ता किया खत्म।
आपसी सहमति से विवाह रद्द, बारात लौटी वापस।
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा शहर के मैनपुरी रोड स्थित आईटीआई चौराहे के पास एक मैरिज लॉन में सोमवार रात उस समय शादी की खुशियां सन्नाटे में बदल गईं, जब जयमाला से ठीक पहले दुल्हन ने फफक-फफक कर रोते हुए शादी से इन्कार कर दिया। उसने सबके सामने स्वीकार किया कि वह किसी दूसरे युवक से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती है। यह सुनकर बारातियों और रिश्तेदारों में अफरातफरी मच गई।
बारात औरैया जनपद के अछल्दा से आई थी, जबकि दुल्हन पक्ष कानपुर नगर के पनकी क्षेत्र का रहने वाला है। दिनभर टीका, स्वागत, द्वारचार और अन्य रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं। रात करीब नौ बजे जैसे ही दूल्हा-दुल्हन जयमाला के लिए मंच पर पहुंचे, दुल्हन रोने लगी। दूल्हे ने कारण पूछा तो उसने अपनी मर्जी के खिलाफ शादी कराए जाने और दूसरे युवक से प्रेम संबंध होने की बात बताई।
शादी टूटने की नौबत आते ही दोनों पक्षों में काफी देर तक बातचीत चली। इस दौरान दूल्हे ने उल्लेखनीय समझदारी का परिचय दिया। उसने दुल्हन की उसके प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात कराई और स्पष्ट कहा कि बिना इच्छा के रिश्ता निभाना उचित नहीं होगा। इसके बाद उसने स्वयं शादी न करने का फैसला लिया।
सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लेनदेन और शादी में हुए खर्च को लेकर सहमति बनी। इसके बाद बिना किसी विवाद के विवाह निरस्त कर दिया गया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई। शादी की खुशियों से गुलजार मैरिज लॉन कुछ ही देर में सूना हो गया और मेहमान भी वापस लौट गए।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं थी और किसी अन्य युवक से विवाह करना चाहती थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त कर लिया। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
