इटावा में जिला पूर्ति कार्यालय में एंटी करप्शन का छापा, 30000 की रिश्वत लेते सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
कानपुर की एंटी करप्शन टीम ने इटावा के जिला पूर्ति कार्यालय में छापा मारकर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
इटावा जिला पूर्ति कार्यालय में एंटी करप्शन टीम का छापा।
सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा समेत तीन लोग गिरफ्तार।
30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, इटावा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानपुर की एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को जिला पूर्ति कार्यालय में कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों में बसरेहर के सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा, पीओएस मशीन से संबंधित प्राइवेट कर्मचारी पुष्पेंद्र और धर्म नारायण शामिल हैं। टीम की कार्रवाई से जिला पूर्ति कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी राशन डीलर ओम शरण पुत्र राम शंकर ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। शिकायत में रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर टीम ने मामले की जांच की और ट्रैप की कार्रवाई की योजना तैयार की।
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण
एंटी करप्शन प्रभारी श्रीकृष्ण मोहन राह के निरीक्षण व अर्चना शुक्ला के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम गुरुवार को जिला पूर्ति कार्यालय पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये के साथ भेजा। जैसे ही कथित तौर पर रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा और दोनों प्राइवेट कर्मचारियों पुष्पेंद्र व धर्म नारायण को पकड़ लिया।कार्रवाई के बाद टीम तीनों आरोपियों को अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
एंटी करप्शन टीम द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रिश्वत की रकम किस काम के लिए मांगी गई थी और इसमें तीनों की क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों में खलबली मची रही।
