यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mainpuri Bypoll 2022: सैफई आवास में अखिलेश ने मैनपुरी से बुलवाए खास पदाधिकारी, प्रत्याशी के नाम पर चला मंथन
लखनऊ से इटावा सैफई पैतृक आवास पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी से पार्टी के खास ...और पढ़ें

इटावा, जागरण संवाददाता। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार की दोपहर राजस्थान के धौलपुर स्थित सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने मैनपुरी से खास पदाधिकारियों को बुलवाकर लोकसभा उपचुनाव को लेकर सुबह तीन घंटे तक मंथन किया। उन्होंने मैनपुरी संसदीय सीट के उपचुनाव में सपा उम्मीदवार के चयन को लेकर वार्ता की। माना जा रहा है कि मंगलवार तक मैनपुरी सीट से प्रत्याशी का नाम सामने आ जाएगा।
लखनऊ से चलकर शनिवार शाम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पैतृक आवास सफैई आ गए थे। सुबह उन्होंने मैनपुरी से पूर्व विधायक राजू यादव, पूर्व मंत्री आलोक शाक्य, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव ब्लाक प्रमुख नीरज यादव सहित दो दर्जन से अधिक नेताओं के साथ काफी देर तक वार्ता की। उन्होंने चुनाव को लेकर सभी पदाधिकारियों से तैयारी करने की बात कही। इस दौरान मौजूद परिवार के लोगों से भी बातचीत की।
मैनपुरी लोकसभा सीट पर पिता स्व. मुलायम सिंह यादव की विरासत कौन संभालेगा, इसे लेकर उन्होंने सैफई के लोगों के साथ भी गहन मंथन किया। माना जा रहा है कि मंगलवार की शाम तक मैनपुरी संसदीय सीट के लिए सपा उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया जाएगा।
सैफई में आवास पर सुबह अखिलेश यादव से मिलने के लिए मैनपुरी के खास पदाधिकारी ही पहुंचे थे। पार्टी के पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से रूबरू होना पड़ा। उनके मोबाइल फोन गेट पर ही जमा करा लिए गए थे। बाहर निकलते समय किसी ने भी पत्रकारों से कोई बातचीत नहीं की। इसके बाद सात नवंबर को सैनिक स्कूल धौलपुर राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चले गए। काफिला जब आवास से बाहर निकला तो अखिलेश कुछ देर के लिए गांव में अनिल यादव के घर पर रुके और बातचीत की। अचानक उनका काफिला रुकने से सुरक्षा कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।