इटावा में अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा चाहती है कि उसके सदस्य ही भारत के नागरिक और वोटर बनें
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची और नागरिकता को लेकर बड़ी साजिश रचने का आरोप ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची साजिश का आरोप लगाया।
भाजपा केवल अपने सदस्यों को नागरिक बनाना चाहती है।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जागरण संवाददाता, इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची और नागरिकता को लेकर बड़ी साजिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि उसके सदस्य ही भारत के नागरिक हों और उन्हीं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। दीपावली पर रविवार को सैफई स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह बात कही।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा की यह कथित साजिश लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए बड़ा खतरा है। जनता को एकजुट होकर भाजपा को हराना होगा। समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए संघर्ष करती रहेगी। पार्टी हर वर्ग को उसकी आबादी के अनुपात में सम्मान और अधिकार दिलाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि यह बड़ी लड़ाई है और इसे कमजोर नहीं होने देना है। इतिहास घटनाओं से बनता और बदलता है। भाजपा को अहसास हो गया है कि वह चुनाव हारने वाली है, इसलिए वह किसी भी रास्ते का इस्तेमाल कर सकती है। कार्यकर्ताओं को इस चुनौती के लिए तैयार रहना होगा। इस दौरान प्रदेशभर से आए नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।