सिर पर सजा सेहरा और शेरवानी, दुल्हन ले जाने से पहले हवालात पहुंचे 'दूल्हे राजा'; एटा में पत्नी ने रुकवाई शादी
एटा के जीआईसी मैदान में एक सामूहिक विवाह समारोह में पहली पत्नी ने अपने पति की दूसरी शादी रुकवा दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे आकाश को हिरासत में ले लिया, क्योंकि उसने बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने की कोशिश की थी।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सामूहिक विवाह समारोह में पहली पत्नी ने शादी रोकी।
बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर रहा था पति।
पुलिस ने दूल्हे आकाश को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, एटा। जीआईसी मैदान में शनिवार को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने पहुंचकर एक युवक की शादी रुकवा दी। महिला ने युवक को अपना पति बताते हुए आरोप लगाया कि बिना तलाक दिए वह दूसरी शादी कर रहा है। शिकायत पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल विवाह रुकवाया और दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
बिना तलाक दूसरी शादी करने पहुंचा युवक, पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की है। जीआईसी मैदान में सामूहिक विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक महिला पंडाल में पहुंची और वहां शादी की तैयारी कर रहे युवक पर अपना पति होने का दावा किया। उसने अधिकारियों और पुलिस को बताया कि युवक की पहले ही शादी हो चुकी है और दोनों के बीच अभी कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है। इसके बावजूद वह दूसरी शादी करने पहुंचा है।
सामूहिक विवाह में पहली पत्नी ने रुकवाई पति की दूसरी शादी
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान आकाश पुत्र राकेश निवासी मीरासराय, मारहरा के रूप में हुई है। आकाश की शादी 14 नवंबर 2021 को सोनी पुत्री रामशरण निवासी चमन नगरिया के साथ हुई थी।