विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के बटाईदार किसानों के लिए खुशखबरी, अब शपथ पत्र से बनेगी फार्मर रजिस्ट्री; शासन ने बदले नियम

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:40 PM (GMT+05:30)

बटाई पर खेती करने वाले किसानों को फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में आ रही परेशानी को देखते हुए शासन ने नियमों में बदलाव किया है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. बटाईदार किसानों को फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में थी परेशानी

  2. शासन ने नियमों में बदलाव कर दी बड़ी राहत

  3. शपथ पत्र देकर बटाईदार किसान बनवा सकेंगे अपनी रजिस्ट्री

जागरण संवाददाता, एटा। फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य किए जाने के बाद बटाई पर खेती करने वाले किसानों को आ रही परेशानी को देखते हुए शासन ने व्यवस्था में बदलाव किया है। अब बटाईदार किसान भी अपनी फसली फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें बटाई पर ली गई जमीन का विवरण शपथ पत्र के साथ उपलब्ध कराना होगा।

इस व्यवस्था से ऐसे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक जमीन अपने नाम नहीं होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री कराने में दिक्कत आ रही थी।

शपथ पत्र के साथ देना होगा बटाई की जमीन का ब्योरा

शासन की ओर से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य किया गया है। इसके माध्यम से किसानों का पूरा विवरण डिजिटल रूप से दर्ज किया जा रहा है। इसमें जमीन का विवरण, फसल और किसान से संबंधित जानकारियां शामिल की जा रही हैं। हालांकि, जिले में बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जो दूसरे किसानों की जमीन बटाई पर लेकर खेती करते हैं। जमीन उनके नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें फार्मर रजिस्ट्री कराने में परेशानी हो रही थी। इसका असर खाद और बीज की खरीद पर भी पड़ने की आशंका थी।

रजिस्ट्री से सरकारी सुविधाओं का मिलेगा लाभ

उप कृषि निदेशक सुमित कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत बटाईदार किसान भी फसली फार्मर रजिस्ट्री करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें जिस जमीन पर खेती कर रहे हैं, उसका पूरा विवरण देना होगा। साथ ही शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिससे बटाई पर खेती करने की पुष्टि हो सके।

सुमित कुमार ने बताया कि रजिस्ट्री होने के बाद किसानों को खाद, बीज सहित कृषि से जुड़ी सुविधाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी। उन्हें जमीन अपने नाम न होने के कारण खाद-बीज के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इससे बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी सरकारी व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी: शरद सरस मेले में स्वयं सहायता समूह के उत्पादों ने बटोरी सुर्खियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।