एटा में बसपा नेता बच्चू सिंह की संदिग्ध मौत, बेटी ने लगाया हत्या का आरोप
एटा के सिद्धार्थ नगर में बसपा के पूर्व मंडल प्रभारी बच्चू सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम पर पहुंचकर बेटी वैष्णवी से बात करते बसपाई। इंसेट में मृतक का फाइल फोटो। जागरण
HighLights
बसपा के पूर्व मंडल प्रभारी बच्चू सिंह की संदिग्ध मौत
बेटी वैष्णवी ने पिता को जहर देकर हत्या का आरोप लगाया
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी
जागरण संवाददाता, एटा। शहर के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर भगीपुर निवासी बसपा के पूर्व मंडल प्रभारी 55 वर्षीय बच्चू सिंह की शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत को लेकर बेटी वैष्णवी उर्फ माही ने जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
मौत की सूचना मिलने पर पहुंची बेटी वैष्णवी उर्फ माही ने पिता की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में अपनी नानी के पास रहती है।
करीब दो साल पहले उसकी मां का निधन हो चुका है। माता-पिता के बीच विवाद होने के कारण मां उसे लेकर मायके चली गई थीं। उस समय वह महज डेढ़ माह की थी।
पांच महीने से फोन पर हो रही थी पिता-पुत्री की बातचीत
वैष्णवी ने बताया कि कुछ माह पहले उसे अपने पिता के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद से वह उनसे फोन पर बातचीत करने लगी थी। पिछले करीब पांच महीने से दोनों के बीच लगातार संपर्क था। 12 नवंबर को भी उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान पिता ने उसे अपने पास बुलाने की बात कही थी।
बेटी की शिकायत पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
बेटी का आरोप है कि वह पिता की इकलौती संतान है और उनसे बातचीत होने के चलते किसी ने इस घटना को अंजाम दिया है। उसने पिता को जहर देकर मारने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस बेटी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।